मुंबई (सं. भा.)। एक तरफ सरकार बाल मजदूरी रोकने और बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग सरकारी नियमों और कानूनों को ठेंगा दिखाकर मासूम बच्चों से मजदूरी कराने से बाज नहीं आ रहे हैं। चंद पैसों के लालच में बच्चों का बचपन छीनकर उनसे घंटों काम कराया जा रहा है। ऐसा ही एक मामला मालाड पूर्व के कुरार गांव इलाके में सामने आया है, जहां एक छोटे से कमरे में 17 नाबालिग बच्चों से दिनभर इमिटेशन जूलरी बनाने का काम कराया जा रहा था। सूचना मिलने पर कुरार पुलिस ने छापेमारी कर सभी बच्चों को बाल मजदूरी से मुक्त कराया और इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कुरार गांव के कोकणीपाड़ा स्थित गुलाबसिंग चॉल में एक कमरे के भीतर 14 से 16 वर्ष की उम्र के बच्चों से इमिटेशन जूलरी तैयार कराई जा रही थी। आरोप है कि इन नाबालिगों से प्रतिदिन करीब 15 से 16 घंटे तक काम कराया जाता था। इतना ही नहीं, बच्चों के शारीरिक शोषण की शिकायत भी सामने आई थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद कुरार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठिकाने पर छापा मारा।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान कमरे में काम कर रहे कुल 17 नाबालिग बच्चों को मुक्त कराया गया। इस मामले में जितेंद्र चौधरी (38) को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुक्त कराए गए सभी बच्चों को फिलहाल बाल सुधार गृह में रखा गया है।
गौरतलब है कि बाल मजदूरी रोकने के लिए सरकार की ओर से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। बच्चों को मजदूरी के बजाय शिक्षा उपलब्ध कराने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए कई कानूनी प्रावधान भी बनाए गए हैं। इसके बावजूद महानगर के विभिन्न इलाकों में नाबालिगों से काम कराने की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। कुरार गांव की इस घटना ने एक बार फिर बाल श्रम रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियानों की प्रभावशीलता और संबंधित विभागों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


