मुंबई (सं. भा.) एटीएम कार्ड की क्लोनिंग कर बुजुर्गों के खाते से लाखों रुपए निकालने वाले दो शातिर बदमशों को उत्तर मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से 37 क्लोनिंग की गई एटीएम कार्ड के अलावा 7 हजार रुपए बरामद हुए हैं। पुलिस ने इनके एकाउंट में जमा 5 लाख रुपए भी फ्रीज करवा दिए हैं।
बता दें कि मुंबई शहर के पांच क्षेत्र में साइबर पुलिस स्टेशन की स्थापना की गई है। 26 जनवरी को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इन पुलिस स्टेशनों का उद्घाटन किया था। उत्तर मुंबई साइबर पुलिस स्टेशन की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सरला वसावे ने बताया कि 3 फरवरी को कांदिवली पूर्व के ठाकुर विलेज में रहने वाली 80 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई की उनके पति के एकाउंट से 23 जनवरी से 10 फरवरी के बीच 3 लाख 80 हजार रुपए निकाल लिए गए हैं। उनके पति रेलवे के रिटायर्ड अधिकारी हैं और इस बीच उनके घर से कोई बैंक में पैसा निकालने नही गया था। पुलिस निरीक्षक कनवाजे के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक संजय पवार की टीम ने मामले की जांच शुरु की। दहिसर के सेंट्रल बैंक के एटीएम में लगे सीसीटीवी को खंगालने के बाद उन्हें दो संदिघ्धों के बारे में पता चला। इसी बीच जब दोनों वहां पैसे निकालने आए तभी पुलिस ने रोहन दुबे (21) और रंजीत सेनगुप्ता (38) को गिरफ्तार कर लिया। दोनो मिरा रोड के रहने वाले हैं। इन लोगों ने पुलिस को बताया कि पुराने एटीएम कार्ड को अक्सर लोग फेंक देते हैं। उन्हीं कार्डों को जमा कर उसका डाटा निकाल कर कार्ड को क्लोन कर लेते हैं। बाद में डाटा का डिटेल देख कर बुजुर्गों को निशाना बनाते हुए उनके बैंक खाते से क्लोन एटीएम कार्ड के मार्फत रुपए निकाल लेते थे। इन दोनो पर धारा 420, 465, 468, 471, 34 सहित आईटी एक्ट की धारा 66 (सी) तथा 66 (डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्लोन एटीएम कार्ड से बुजुर्गों के खाते से निकालते थे रुपए, उत्तर मुंबई साइबर पुलिस ने दो को किया गिरफ्तार
RELATED ARTICLES


