- स्कूलों के बाहर अब भी फेरीवालों का कब्जा
मुंबई (सं.भा.) मुंबई में पैदल यात्रियों को उनका सुरक्षित रास्ता दिलाने के लिए बृहनमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने ‘पेडिस्ट्रियन फर्स्ट’ अभियान चला रखा है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए खुद बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे विभागवार पहुंच, खुद सड़क पर उतर कर फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करा रही हैं। सोमवार को भी आयुक्त भिडे ने बीएमसी डी / विभाग के नाना चौक के पास नौशीर भरुचा छेद गली, शंकरशेट मार्ग (भाजी गली) , ताडदेव मार्ग का निरीक्षण करने के साथ ही ई / विभाग का भी दौरा कर फुटपाथों का मुयान किया और अधिकारियों को अतिक्रमण मुक्त फुटपाथ को लेकर कई निर्देश भी दिए।
बाहरहाल बीएमसी ने 1 से 14 अगस्त के बीच मुंबई के 68 किलोमीटर लंबे फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने और 81 फुटपाथों पर कार्रवाई करते हुए 77 अवैध निर्माण तथा 112 अनधिकृत फेरीवालों को हटाने का दावा किया गया है।
एकतरफ जहां बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे ‘पेडिस्ट्रियन फर्स्ट’ अभियान को सफल बनाने के लिए अथक प्रयास में जुटी हैं वहीं उनके इस अभियान पर पानी फेरने का काम मलाड पश्चिम के पी नॉर्थ वार्ड द्वारा किया जा रहा है। यह इससे साबित होता है कि पी / नार्थ वार्ड के अधिकारी और कर्मचारी इस अभियान के प्रति लापरवाही बरते दिखाई रहे हैं।
बता दें कि जनकल्याण नगर और भूमि पार्क जैसे इलाकों में स्कूलों के आसपास फुटपाथ पर अब भी कब्जा है, जिससे विद्यार्थियों और आम पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जनकल्याण नगर स्थित सेंट जूड्स हाई स्कूल के आसपास फुटपाथ पर फल-सब्जी विक्रेताओं और अन्य ठेले वालों के कारण पैदल यात्रियों के लिए रास्ता पूरी तरह बाधित है। स्कूल की छुट्टी के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है। फुटपाथ पर चलने की जगह नहीं होने के कारण बच्चों को सड़क से होकर गुजरना पड़ता है। इस दौरान वाहनों की आवाजाही के बीच जाम की स्थिति बनती है और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि स्कूल के आसपास फुटपाथ खाली कराना बीएमसी की प्राथमिकता होनी चाहिए, लेकिन यहां अब तक प्रभावी कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।
इसी तरह भूमि पार्क स्थित बिलाबॉन्ग इंटरनेशनल स्कूल के सामने शाम होते ही खाद्य पदार्थों और अन्य सामान के ठेले कतार से लग जाते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक ये ठेले रात करीब 10 बजे तक लगे रहते हैं। फुटपाथ पर जगह नहीं बचने से पैदल यात्रियों को सड़क का सहारा लेना पड़ता है। खाद्य पदार्थ बनाने वाले ठेलों पर गैस सिलेंडर के इस्तेमाल को लेकर भी सुरक्षा का गंभीर सवाल है, क्योंकि इसके ठीक पीछे स्कूल की इमारत मौजूद है। यदि गैस सिलेंडर से आग या कोई अन्य हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी?
बीएमसी ने अभियान के पहले चरण में 200 फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त करने का लक्ष्य रखा है और स्कूलों, अस्पतालों, रेलवे व मेट्रो स्टेशनों जैसे संवेदनशील स्थानों के आसपास फुटपाथ को प्राथमिकता देने की बात कही है। इसके बावजूद पी नॉर्थ वार्ड के इन दोनों इलाकों में फुटपाथ की स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। एक ओर मुंबई में अतिक्रमण हटाने के आंकड़े सामने रखे जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर स्कूलों के बाहर बच्चे फुटपाथ के बजाय सड़क पर चलने को मजबूर हैं। अब यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या बीएमसी आयुक्त पी / नार्थ की इस लापरवाही के प्रति ध्यान देंगी, इस ओर इस क्षेत्र के रहिवासियों की नजर लगी है।


