कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के रूप में मल्लिकार्जुन खरगे का चुनाव इस बात की पुष्टि करता है कि एक मुश्किल से छुपाई जा सकने वाली कठपुतली के ज़रिए गांधी परिवार इंचार्ज बना हुआ है। अगर कोई यह उम्मीद कर रहा होगा कि खरगे स्वतंत्र रूप से काम करेंगे, तो वह कल्पना में जी रहा है। हां, हारने वाले शशि थरूर के पास ज़रूर परिवार की इजाज़त को छोड़कर बाकी सारी योग्यता थी।विश्लेषकों का मानना है कि गांधी परिवार कांग्रेस का दायित्व है। राहुल गांधी एक ऐसे नेता लगते हैं, जो चुनाव नहीं जीत सकते। सोनिया गांधी की उम्र हो गई है। उनका स्वास्थ्य भी अच्छा नहीं रहता। कर्नाटक और मध्य प्रदेश में दल-बदल ने कांग्रेस गठबंधन की सरकारों को गिरा दिया और दूसरे राज्यों में भी यह फैल रहा है।आंतरिक कलह ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ के लिए भी ख़तरा पैदा कर दिया है। लेकिन, इसके बावजूद यह विश्वास करना कि कांग्रेस के नेता गांधी परिवार की जगह ले सकते हैं और वोटर्स के दिलो-दिमाग़ में बस सकते हैं, बस एक सपना है। पार्टी के पास कोई वैचारिक ताकत नहीं है, जिससे वह लोगों को जोड़े रख सके। इसी वजह से लगातार दल-बदलुओं को झेलना पड़ता है। इसमें वे अवसरवादी भी हैं, जो एक-दूसरे से नफ़रत करते हैं, लेकिन साथ रहते हैं क्योंकि गांधी परिवार उनके लिए चुनाव जीता सकता है। ऐसे नेताओं की चुनावी क्षमता गांधी परिवार के बिना धराशायी हो जाएगी। इतिहास ने इसे साबित भी किया है। लाल बहादुर शास्त्री ने 1964 में जवाहरलाल नेहरू की जगह ली, लेकिन 1966 में उनकी मौत हो गई। पार्टी के आकाओं ने शास्त्री की जगह इंदिरा गांधी को चुना। सिंडिकेट को उम्मीद थी कि परिवार के नाम पर वोट मिलेंगे, जबकि असली ताकत उसके पास रहेगी। लेकिन, 1967 के चुनाव में कांग्रेस को संसद में बड़ा झटका लगा। अधिकांश उत्तर भारतीय राज्यों में पार्टी सत्ता से हट गई। सिंडिकेट के लगभग सभी नेता हार गए। साबित हो गया कि जनता ने संगठन पर परिवार को प्राथमिकता दी। सिंडिकेट को कुचलने के लिए इंदिरा गांधी ने 1969 में पार्टी को बांट दिया। उनकी कांग्रेस-आर ने औपचारिक पार्टी कांग्रेस-ओ का विरोध किया। 1971 के चुनाव में इंदिरा ने कांग्रेस-ओ और तमाम दूसरी पार्टियों को बुरी तरह मात दी। मतदाता इस बात पर दृढ़ थे कि कांग्रेस का मतलब इंदिरा हैं, क्षेत्रीय नेता नहीं। ऐसा ही कुछ 1977 में हुआ। आपातकाल ने इंदिरा गांधी को अलोकप्रिय बना दिया था। 1977 के चुनाव में कांग्रेस (ओ) और अन्य विपक्षी दलों ने मिलकर जनता पार्टी बनाई। इंदिरा हार गईं। कांग्रेस (ओ) के पूर्व प्रमुख मोरारजी देसाई प्रधानमंत्री बने। विश्लेषकों ने दावा किया कि परिवार राजनीतिक रूप से मृत था। इंदिरा को उनकी ही कांग्रेस-आर के नेतृत्व से बेदखल कर दिया गया। उन्होंने नियंत्रण हासिल करने के लिए पार्टी को फिर से विभाजित कर दिया। उनकी ख़राब छवि के बावजूद मतदाताओं ने पार्टी माइनस परिवार पर उनके गुट का जमकर समर्थन किया। उन्होंने 1980 में सत्ता में वापसी की।
1984 में इंदिरा की हत्या हो गई। राजीव गांधी ने उनकी जगह ली। लेकिन, 1991 के चुनाव के दौरान उनकी भी हत्या कर दी गई। सोनिया ने उनकी जगह लेने से इनकार कर दिया। इसलिए, आशा के बजाय निराशा में पार्टी ने एक गैर-गांधी नेता नरसिम्हा राव को चुना। राव के नेतृत्व में कांग्रेस ने 1991 में 232 सीटें जीतीं। बहुमत से बहुत कम। एक बड़े आर्थिक संकट के बीच उन्होंने अपनी अल्पसंख्यक सरकार को चलाया। लेकिन, भ्रष्टाचार के आरोपों ने बुरी तरह आहत किया उन्हें। 1996 के चुनाव में कांग्रेस को केवल 140 सीटें मिलीं। इसके बाद हल्के कद के एक और नेता सीताराम केसरी ने नरसिम्हा राव की जगह ली। वह भी पार्टी की बहुत वफादारी नहीं पा सके। 1998 के चुनावों में दल-बदल ने कांग्रेस को बुरी तरह से प्रभावित किया। कांग्रेसियों ने सोनिया से कहा कि वह अकेले ही पार्टी को बचा सकती हैं। वह कांग्रेस का नेतृत्व करने के लिए तैयार हो गईं और तुरंत ही बगावत रुक गई। 1998 में सोनिया के नेतृत्व में कांग्रेस ने 141 सीटें जीतीं। 1999 के चुनाव में पार्टी गिरकर 114 सीटों पर आ गई। कांग्रेस के इतिहास को भूलकर, आलोचकों ने घोषणा कर दी कि परिवार एक लायबिलिटी था, जिसे कांग्रेस को छोड़ देना चाहिए। हालांकि, 2004 और 2009 में सोनिया ने लगातार दो जीत में पार्टी का नेतृत्व किया। गांधी परिवार का प्रदर्शन पार्टी माइनस परिवार से काफी बेहतर रहा। आलोचक आज फिर पार्टी से गांधी परिवार को छोड़ने के लिए कह रहे हैं। लेकिन, इतिहास ने दिखा दिया कि यह मूर्खतापूर्ण होगा। अन्य दलों में भी वोटर्स ने संगठन के ऊपर परिवार के नेताओं को तरजीह दी है। 1947 में कोई भी पार्टी पारिवारिक नहीं थी। आज ज़्यादातर हैं। बीजेपी सबसे बड़ा अपवाद है। कम्युनिस्ट भी अपवाद हैं, लेकिन ख़त्म हो रहे हैं। पश्चिमी लोकतंत्रों से बहुत अलग है भारत। समस्या निरंकुश नेताओं की नहीं है। इसके बजाय, मतदाता अलग-अलग राजनेताओं के साथ जुड़ते हैं, लेकिन पार्टी के साथ नहीं। वोटर्स दल बदलने वालों को दंड नहीं देते। इसीलिए ऐसे नेता विरोधी दलों में मिनिस्टर तक बन जाते हैं। व्यक्तित्व मायने रखता है, घोषणापत्र नहीं।आंध्र प्रदेश में एक परिवार यानी जगन मोहन रेड्डी ने दूसरे परिवार गांधी को हटा दिया। नवीन पटनायक कांग्रेस से अलग हुए और अपने पिता के नाम पर एक पार्टी बना ली।राजनीति में फैमिली बिजनेस के कुछ और उदाहरण हैं यूपी में मुलायम सिंह यादव, महाराष्ट्र में ठाकरे, बिहार में लालू, कर्नाटक में देवगौड़ा और तमिलनाडु में करुणानिधी का परिवार। पाकिस्तान, बांग्लादेश और श्रीलंका भी फैमिली बिजनेस से चल रहे हैं। यह दरअसल रीजनल पैटर्न है। कई लोग राजनीति में परिवारों की सफलता पर दुख जताते हैं। जिस तरह वे राजनीति में जाति, धर्म और क्षेत्रीय कट्टरवाद की निंदा करते हैं। लेकिन, लोकतंत्र में मतदाताओं को वह मिलता है, जो वे चाहते हैं। याद रखें कि चुनावी हार के बाद 1977 में इंदिरा और 1999 में सोनिया को चुका हुआ मान लिया गया था। लेकिन, दोनों ने वापसी की। क्या राहुल भी वापसी करेंगे? यह असंभव नहीं, लेकिन इतिहास हमेशा ख़ुद को दोहराता नहीं। हो सकता है कि इस बार परिवार पार्टी के पतन को रोकने में असफल रहे। लेकिन, गांधी परिवार के बिना पतन की प्रक्रिया तेज़ ही होगी।



