मुंबई (सं. भा.)। महाराष्ट्र सरकार के साथ कोरोना संकट में काम करने के लिए ७२ घंटे के भीतर १५ हजार से ज्यादा लोगों ने अपने आवेदन भेजे हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस मुश्किल घड़ी से निपटने के लिए सेना के रिटायर्ड डॉक्टर के अलावा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों और जानकार लोगों के आवेदन मंगाए थे, ताकि वे सरकार की मदद कर सकें। मुख्यमंत्री की इस अपील को लोगों से जबरदस्त रिस्पांस मिला है और सिर्फ ७२ घंटे के अंदर १५ हजार ५०० लोगों ने काम करने के लिए अपने आवेदन भेजे हैं।
मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी से निपटने मे मदद के लिए सेवानिवृत लोगों में से खास कर डॉक्टरों और नर्सो से मदद की अपील की थी। जिन लोगों के आवेदन प्राप्त हुए हैं, उनमें डॉक्टर, नर्स, फार्मासिस्ट, लैब के जानकारों के अलावा शिक्षक और आईटी सेक्टर के प्रोफेशनल्स शामिल है। रिटायर्ड लोगों के अलावा युवाओं ने भी स्वेच्छा से सरकार के साथ काम करने की इच्छा जताई है। कई लोगों ने अपनी नौकरी छोड़ कर भी सेवादान देने का आफर दिया है।


