मुंबई (सं.भा.): मुंबई की चर्चित झुग्गी बस्ती धारावी इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में है। प्रस्तावित पुनर्विकास से पहले यहां लोगों की आवाजाही बढ़ गई है। देश-विदेश से कुछ लोग यहां की जीवन परिस्थितियों को करीब से देखने के लिए पहुंच रहे हैं और इसके लिए मोटी रकम भी चुका रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर ऐसे समूह सक्रिय हैं जो तय शुल्क लेकर धारावी की गलियों में भ्रमण कराते हैं। दो से तीन घंटे के भ्रमण के लिए हजारों रुपये लिए जा रहे हैं। दिनभर रुकने और रात बिताने की व्यवस्था के लिए अलग भुगतान करना पड़ता है। भारतीयों और विदेशियों के लिए शुल्क अलग-अलग बताया जा रहा है।
धारावी लंबे समय से एशिया की बड़ी झुग्गी बस्तियों में गिनी जाती है। तंग गलियां, छोटी-छोटी झोपड़ियां और सीमित संसाधनों के बीच यहां लाखों लोग जीवन यापन करते हैं। कभी अपराध जगत के नामों से जुड़ा रहा यह इलाका अब मेहनतकश लोगों की बस्ती के रूप में पहचाना जाता है।

हालांकि धारावी की पहचान केवल गरीबी तक सीमित नहीं है। यहां कुम्हारों का काम, कपड़ा सिलाई, चमड़ा प्रसंस्करण और कबाड़ से पुनर्चक्रण जैसे अनेक छोटे उद्योग चलते हैं। अनुमान है कि यहां की लघु इकाइयां हर वर्ष करोड़ों रुपये का कारोबार करती हैं और मुंबई की अर्थव्यवस्था में योगदान देती हैं।
पुनर्विकास की योजना के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या किसी की मजबूरी और कठिन जीवन परिस्थितियां दर्शनीय वस्तु बननी चाहिए। जहां एक ओर कुछ लोग इसे जिज्ञासा और अनुभव बताते हैं, वहीं कई सामाजिक संगठनों का मानना है कि इसे संवेदनशीलता के साथ देखा जाना चाहिए।


