पनवेल (सं.भा.) : नवी मुंबई के उलवे इलाके में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के दो डिलीवरी बॉय द्वारा लाखों रुपये के सामान की हेराफेरी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राहकों तक पार्सल पहुंचाने की जिम्मेदारी मिलने के बाद दोनों कर्मचारियों ने पार्सल में रखे कीमती सामान को अपने पास रख लिया और फरार हो गए। मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी और चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटना उलवे के सेक्टर-19बी स्थित एनटेक्स ट्रांसपोर्टेशन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से जुड़ी है। कंपनी ने 31 जनवरी 2026 को अपने दो डिलीवरी कर्मचारियों जितेंद्र रमेश गिरी और मुकेश कुमार पारसाराम को ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए कई ऑनलाइन ऑर्डर के पार्सल सौंपे थे। दोनों आरोपी मूल रूप से राजस्थान के जालौर जिले के निवासी बताए जा रहे हैं और फिलहाल उलवे के सेक्टर-24 इलाके में रह रहे थे। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने पार्सल ग्राहकों तक पहुंचाने के बजाय उनमें रखे कीमती सामान को अपने पास रख लिया। कंपनी की जांच में यह सामने आया कि पार्सल में लैपटॉप, हार्ड डिस्क, कैमरे, टैबलेट, मोबाइल फोन और जैकेट जैसे महंगे सामान थे। बताया जा रहा है कि इन सामानों की कुल कीमत लगभग 4 लाख 91 हजार 111 रुपये आंकी गई है। जब कंपनी को पार्सल डिलीवरी में गड़बड़ी का शक हुआ तो जांच करने पर मामला सामने आया और इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई। इस संबंध में उलवे पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने के लिए अलग-अलग स्थानों पर तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
डिलीवरी बॉय ने कंपनी को लगाया लाखों का चूना, पार्सल का सामान लेकर फरार
RELATED ARTICLES


