भायंदर (सं. भा.)। मीरा-भायंदर मनपा मे ठेकेदारों की मनमानी कोई नई बात नही है। अधिकारियों और कुछ नेताओंको पटाकर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने से भी ये नही चुकते। जंग लगे टैंकर से जलापूर्ति स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकती है। टैंकर के अंदर के हिस्से में जंग लगा होने का खुलासा मीरा-भायंदर मनपा में सभागृह नेता प्रशासन दलवी ने किया है। इसकी शिकायत मनपा आयुक्त से करते हुए दलवी ने ठेकेदार श्रुति इंटरप्राइजेज की ब्लैकलिस्ट कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कराने की मांग की है। इसके उलट जलापूर्ति अभियंता सुरेश वाकोडे, ठेकेदार को सिर्फ नोटिस थमा कर उसे बचाने का खेल खेल रहे हैं। ऐसा आरोप दलवी ने किया है।
स्वास्थ्य को खतरा!
मीरा-भायंदर में मांग के अनुरुप सोसाइटियों को मनपा टैंकर से पीने का पानी आपूर्ति करती है। यह काम वह ठेके के टैंकर से कराती हैं।
नोटिस की आड़ में ठेकेदार को बचाने का खेल
सभागृह नेता ने कहा कि टैंकर के अंदर के हिस्से में जंग लगे हैं। दूषित पानी पीने से स्वस्थ्य को खतरा को सकता है। टैंकर के पानी की कालाबाजारी होती है। इसमें ठेकदार व जल विभाग के अधिकारी मिले हुए हैं। अनुबंध के हिसाब से एक कंप्यूटर व आपरेटर ठेकदार को देना अनिवार्य हैं। पानी की चोरी व कालाबाजारी पर नजर रखने तथा उसे रोकने के लिए टैंकर में जीपीस लगना जरुरी किया गया है। टैंकर का रजिस्ट्रेशन, रोड टैक्स क्लियर, परमिट व इंश्योरेंस जरुर होना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं है। मनपा आयुक्त को पत्र लिखकर उन्होंने आठ दिन के भीतर ठेकदार को ब्लैक लिस्ट कर उसके खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराने की मांग की थी। लेकिन जल आपूर्ति अभियंता ने सिर्फ नोटिस थमा कर बात खत्म करने की कोशिश की है।


