वसई, (सं.भा.) बदलते मौसम के बीच वसई पूर्व के कळभोण गांव में डेंगू के मामले सामने आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। गांव में पिछले 15 से 20 दिनों के दौरान बड़ी संख्या में लोग बुखार, शरीर में दर्द और कमजोरी की शिकायत से पीड़ित हुए हैं। निजी अस्पतालों में जांच कराने पर कई लोगों में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 20 लोगों की जांच की गई है, जिनमें 6 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमित मरीजों का वसई, अंबाड़ी और वाडा के निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में अक्टूबर से ही डेंगू के मरीज मिलने शुरू हो गए थे, लेकिन परोल स्वास्थ्य केंद्र की ओर से समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। बार-बार शिकायत करने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और जांच शिविर शुरू किया। स्थानीय निवासी संतोष पाटील ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण बीमारी का फैलाव बढ़ा। वहीं, तालुका स्वास्थ्य अधिकारी याम जूनगरे के अनुसार, 27 अक्टूबर को डेंगू का पहला मरीज सामने आया था। इसके बाद अब तक कुल 6 मरीजों की पुष्टि हुई है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। विभागीय टीमें घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर रही हैं। इसके साथ ही कीट विशेषज्ञ गांव से मच्छरों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में उनकी जांच कर रहे हैं। ग्राम पंचायत की ओर से भी धुआं छिड़काव अभियान शुरू किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, गांव में डेंगू फैलने की एक बड़ी वजह पानी का लंबे समय तक घरों में जमा रहना है। गांव का एकमात्र कुआं सूखने की स्थिति में है, जिसके कारण ग्रामीणों को 60 रुपये प्रति ड्रम की दर से पानी खरीदना पड़ रहा है। पानी की कमी के चलते लोग इसे कई दिनों तक बर्तनों और ड्रम में जमा करके रखते हैं, जहां मच्छरों के पनपने की आशंका बढ़ जाती है। डेंगू के प्रसार को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से तीन प्रमुख सावधानियां बरतने की अपील की है। घरों में जमा पानी के बर्तनों और ड्रम को कपड़े या ढक्कन से पूरी तरह ढककर रखें। सप्ताह में एक दिन सभी पानी के बर्तनों को खाली कर अच्छी तरह साफ करें और उसके बाद ही दोबारा पानी भरें। इसके अलावा गांव में नियमित रूप से धुआं छिड़काव कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की भी सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से बढ़ा डेंगू का खतरा, ग्रामीणों ने उठाए सवाल
RELATED ARTICLES


