spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईवसई-विरार में विकास और नायगांव के पुल पर चुप्पी

वसई-विरार में विकास और नायगांव के पुल पर चुप्पी

                 विधायक स्नेहा दुबे पंडित

सवाल पूछने पर भड़कीं विधायक स्नेहा दुबे पंडित

नायगांव (सं. भा.) वसई विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की गूंज के बीच नायगांव स्टेशन के अत्यावश्यक पुल निर्माण जैसे मूलभूत मुद्दों पर चुप्पी साधे बैठी स्थानीय विधायक स्नेहा दुबे पंडित अब नागरिकों के सवालों पर नाराज़गी जताने लगी हैं। जब स्टेशन पुल के मुद्दे पर उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने पत्रकारों पर ही भड़ास निकालते हुए जवाब देने से इनकार कर दिया।

चुनाव जीतने के बाद विधायक पंडित ने वसई-विरार क्षेत्र के विभिन्न प्रोजेक्ट्स को प्राथमिकता देते हुए विधानसभा में कई बार आवाज उठाई, जिससे सरकारी स्तर पर मंजूरी भी मिली और कई कार्य प्रारंभ भी हो चुके हैं। रणगांव ग्राम पंचायत में सड़क निर्माण की शुरुआत और वसई गांव में एसटी बस सेवा का विस्तार इस बात का प्रमाण हैं।

वहीं, नायगांव वासी अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। नायगांव स्टेशन के पुल को लेकर वर्षों से आंदोलन, ज्ञापन और मांगों का दौर चल रहा है। यह पुल नागरिकों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है—करीब एक किलोमीटर तक की कठिन पैदल दूरी, लोहे की खतरनाक सीढ़ियाँ, बुज़ुर्गों, विकलांगों और गर्भवती महिलाओं के लिए जोखिमपूर्ण सफर।

नायगांव में भाजपा कार्यकर्ता बार-बार विधायक को आमंत्रित कर समस्याएं दिखाते रहे हैं, पर उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा। विधानसभा सत्र में भी एक बार भी नायगांव के स्टेशन पुल की समस्या पर सवाल नहीं उठाया गया।

विधायक से जब इस विषय में पूछा गया तो उन्होंने तैश में आकर कहा, “मेरे निरीक्षण करने से पुल बन जाएगा क्या? क्या निर्माण कार्य मैं करूंगी?” उन्होंने आगे कहा कि पत्रकार सिर्फ कंट्रोवर्सी करना जानते हैं और जब पुल बन जाएगा तब आकर इंटरव्यू लें।

यह बयान अब नायगांव वासियों में निराशा और आक्रोश दोनों बढ़ा रहा है। सवाल यह है कि जब चुनाव के समय वादे किए गए थे, तब नायगांव की जनता ने जिस भरोसे से समर्थन दिया था, क्या वह अब सिर्फ वसई-विरार के विकास तक सीमित रह गया है?

विकास कार्यों की राजनीति में नायगांव जैसे इलाकों की अनदेखी कब तक होती रहेगी और क्या जनता की बुनियादी ज़रूरतें भी राजनीतिक प्राथमिकता के तराजू पर तोली जाएंगी? यह गंभीर प्रश्न विधायक के जवाब से भी अनुत्तरित ही रह गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com