कानपुर (सं.भा.): उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां नशे की लत और घरेलू कलह ने एक पूरे परिवार को खत्म कर दिया। मामूली विवाद ने देखते ही देखते ऐसा हिंसक रूप लिया कि एक पति ने अपनी ही गर्भवती पत्नी और मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी।
घाटमपुर कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव के मजरा शारदेपुर में रविवार रात यह सनसनीखेज वारदात हुई। आरोप है कि सुरेंद्र यादव उर्फ स्वामी शराब के नशे में घर लौटा था। पत्नी रूबी देवी (32) द्वारा शराब पीने का विरोध किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गई।
गुस्से में बेकाबू हुए सुरेंद्र ने धारदार हथियार से पहले पत्नी पर हमला किया, जो उस समय पांच माह की गर्भवती थी, और फिर अपने ढाई साल के बेटे लवांश को भी नहीं बख्शा। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कुछ समय बाद जब परिजन घर पहुंचे तो खून से सना दृश्य देख सभी सन्न रह गए। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए हैं, जबकि हत्या में प्रयुक्त हथियार को बरामद कर लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी शराब का आदी था और कामकाज को लेकर भी स्थिर नहीं था। कमाई का बड़ा हिस्सा नशे में खर्च कर देता था, जिसको लेकर पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। इसी तनाव ने इस बार खौफनाक रूप ले लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और आसपास के इलाकों में दबिश दी जा रही है। मां और बेटे के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इस दोहरे हत्याकांड के बाद पूरे गांव में मातम और दहशत का माहौल है।


