मुंबई (सं. भा.)। गोरेगांव पश्चिम के लिंक रोड के बगल में बने भगत सिंह नगर झोपड़पट्टी में आपसी वैमनस के कारण बिजली चोरो ने एक अन्य बिजली चोर की हत्या कर दी। इस मामले में पिता सईद मुंशी और उसके पांच बेटे नदीम, सफीक, रिजवान, इरफान और सोहेल सहित एक नाबालिग को क्राईम ब्रंच युनिट ११ तथा बांगुर नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
खबर के अनुसार मुंशी परिवार भगत सिंह नगर की झोपड़पट्टी के घरों में चोरी की बिजली की सप्लाई करता था। कभी इसी क्षेत्र में चना बेचने वाला अमीन खान भी बिजली चोरी के धंधे से जुड़ गया। इस अवैध धंधे में मुंशी परिवार को घाटा होने लगा। इस बात से परेशान सईद मुंशी ने अपने बेटों से कहा की किसी भी तरह अमीन को रास्ते से हटाओ। तुम लोग अगर जेल भी गए तो मैं तुम लोगों को छुड़वा लुंगा। बाप के इस आदेश के बाद पांचो बेटे ने एक १६ वर्षीय नाबालिग को खान की हत्या करने के लिए उकसाया। नाबालिग को इन भाईयों ने यह कह कर बरगलाया कि पिछले महीने उसके भाई के खिलाफ बांगुर नगर पुलिस स्टेशन में जो एफआईआर दर्ज की गई है उसमें अमीन खान शामिल रहा है। १९ दिसंबर की सुबह १० बजे के करीब खान को उसके घर के बाहर ही नाबालिग ने १० बार चाकू से गोद कर उसकी हत्या कर दी थी। इस मामले में सभी आरोपियों को बांगुर नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।


