फतेहपुर (सं. भा.) : देवरी बुजुर्ग गांव में हुए खूनी संघर्ष को लेकर प्रशासन बेहद गंभीर है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि यह मामूली कहासुनी का विवाद नहीं है।, यह पंचायत चुनाव में वर्चस्व कायम करने को लेकर हुआ है। इसमें एक छात्र की नाहक ही जान चली गई। इस घटना के पीछे जो भी लोग हैं, उन सभी को प्रकाश में लाकर एनएसए की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस चौकी देवरी में पत्रकारों से बात करते हुए एएसपी राजेश कुमार ने कहा कि अरगल का पूर्व सभाजीत सिंह के बेटे विवेक व देवरी बुजुर्ग गांव के प्रधान पति अंकित शुक्ला जिला पंचायत का चुनाव में दावेदार हैं। इसे लेकर दोनों के मध्य अपनी हनक दिखाने की होड़ थी। मामूली मारपीट के विवाद को इन दोनों की वर्चस्व कायम करने की जंग ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधान व उसके बेटे की गिरफ्तारी हो चुकी है। अब अन्य सभी की तलाश जारी है। कुछ ने मोबाइल स्विच ऑफ कर रखा है। उन सभी के मोबाइल सर्विलांस पर लगाए गए हैं।


