spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईउच्च अधिकारियों के आदेश भी बेअसर? ‘मूड बार’ में फिर देर रात...

उच्च अधिकारियों के आदेश भी बेअसर? ‘मूड बार’ में फिर देर रात तक ठुमके

मुंबई में बारों पर कार्रवाई के दावे भले लगातार किए जा रहे हों, लेकिन मालाड पश्चिम के एस.वी. रोड स्थित मूड बार को लेकर सामने आए वायरल वीडियो ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में देर रात तक डांस, तेज संगीत और महफिलों का दौर चलता दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उच्च अधिकारियों के आदेशों के बावजूद मलाड पुलिस इस मामले में सख्ती नहीं दिखा रही।

खबर सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई जरूर की, लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई। कार्रवाई के कुछ समय बाद ही बार में फिर देर रात तक भोजपुरी गानों पर ठुमकों और महफिलों का दौर शुरू हो गया।

सूत्रों के अनुसार, बार संचालक कथित तौर पर यह कहता फिर रहा है कि “ऐसी छोटी-मोटी कार्रवाई तो होती रहती है”, जिससे इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि यदि वास्तव में सख्त कार्रवाई हुई होती, तो दोबारा इस तरह की गतिविधियां शुरू नहीं होतीं।

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि बारों में आए दिन कार्रवाई की खबरें जरूर आती हैं, लेकिन कुछ समय बाद फिर वही हालात लौट आते हैं। यही वजह है कि अब पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि आखिर किसके संरक्षण में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।

इलाके के रहिवासियों का कहना है कि देर रात तक चलने वाले तेज संगीत और डांस कार्यक्रमों से आसपास रहने वाले परिवार परेशान हैं। अब हाल ही में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद लोगों की नजर नए अधिकारियों पर टिकी है। इलाके में चर्चा है कि क्या नए अधिकारी इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सख्त और स्थायी कार्रवाई करेंगे या फिर यह मामला भी सिर्फ दिखावटी कार्रवाई तक सीमित रह जाएगा।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन और संबंधित विभागों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सख्त कदम उठाने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com