भारत पर्वों का देश है। यहाँ हर त्यौहार अपने साथ धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व लेकर आता है। इन्हीं पर्वों में से एक है दशहरा, जिसे विजयादशमी भी कहा जाता है। यह पर्व अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है। नवरात्रि के नौ दिन देवी पूजन और उपवास करने के बाद दशहरे का यह पर्व आता है। यह त्यौहार अच्छाई की बुराई पर जीत और सत्य की असत्य पर विजय का प्रतीक है। दशहरे के साथ कई कथाएँ जुड़ी हुई हैं। सबसे प्रसिद्ध कथा भगवान श्रीराम से संबंधित है। रामायण के अनुसार, रावण अत्याचारी और अहंकारी राक्षस था। उसने माता सीता का हरण कर लिया था। भगवान श्रीराम ने भाई लक्ष्मण और भक्त हनुमान के साथ मिलकर रावण से युद्ध किया और अंततः दशमी के दिन उसका वध कर दिया। इस दिन को सत्य की असत्य पर विजय के रूप में मनाया जाता है। इसके अतिरिक्त, एक अन्य कथा देवी दुर्गा से संबंधित है। महिषासुर नामक राक्षस ने देवताओं को पराजित कर दिया था और धरती पर अत्याचार कर रहा था। तब देवी दुर्गा ने नौ दिनों तक युद्ध किया और दशमी के दिन महिषासुर का वध कर उसे मुक्ति दिलाई। इस कारण दशहरा देवी दुर्गा की विजय का भी प्रतीक है। दशहरा न केवल एक त्यौहार है बल्कि यह जीवन का संदेश भी देता है। यह हमें सिखाता है कि चाहे बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है। इस पर्व के दिन लोग देवी दुर्गा और भगवान श्रीराम की पूजा करते हैं। कई जगहों पर शस्त्र पूजा (हथियारों की पूजा) करने की परंपरा भी है। किसान अपने औजारों और व्यापारी अपने बहीखातों की पूजा करते हैं। दशहरा भारतीय समाज को एकता और भाईचारे का संदेश देता है। नौ – दस दिन पहले से ही या उसी दिन गाँव-गाँव और शहर-शहर में रामलीला का आयोजन किया जाता है। रामलीला में भगवान राम की जीवन गाथा का मंचन होता है। लोग बड़ी संख्या में इसे देखने के लिए एकत्रित होते हैं। दशमी की रात को रावण, मेघनाद और कुंभकरण के विशाल पुतलों का दहन किया जाता है। आतिशबाज़ी और पटाखों की गूँज से वातावरण आनंदमय हो उठता है। यह परंपरा बच्चों और बड़ों सभी को यह संदेश देती है कि बुराई का अंत निश्चित है। भारत की विविध संस्कृति में दशहरा हर क्षेत्र में अलग-अलग रूप में मनाया जाता है। उत्तर भारत में यह रामलीला और रावण दहन के रूप में प्रसिद्ध है। वहीं पश्चिम बंगाल में इसे दुर्गा पूजा के रूप में भव्य ढंग से मनाया जाता है। गुजरात में लोग नवरात्रि के दौरान गरबा और डांडिया खेलते हैं और दशमी को देवी की प्रतिमाओं का विसर्जन करते हैं। महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में लोग इस दिन शमी वृक्ष की पूजा करते हैं और एक-दूसरे को इसके पत्ते देकर सोना भेंट करने की परंपरा निभाते हैं। दशहरा हमें यह सिखाता है कि हमें अपने भीतर की बुराइयों जैसे—क्रोध, लोभ, अहंकार, ईर्ष्या और असत्य को समाप्त करना चाहिए। जब हम इन दोषों पर विजय प्राप्त करेंगे, तभी जीवन में वास्तविक सुख और सफलता प्राप्त होगी। दशहरा केवल बाहरी बुराई के नाश का प्रतीक नहीं है, बल्कि यह आत्म-विकास और आत्म-सुधार का भी संदेश देता है। आज के समय में दशहरा केवल धार्मिक पर्व न रहकर एक सामाजिक उत्सव बन गया है। इस दिन मेलों का आयोजन होता है, जहाँ लोग खरीदारी करते हैं और मनोरंजन का आनंद उठाते हैं। हालांकि, वर्तमान समय में रावण दहन में अत्यधिक पटाखों और प्रदूषण की समस्या भी देखने को मिलती है। हमें इस पर्व को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए मनाना चाहिए ताकि इसकी पवित्रता और आनंद दोनों बरकरार रहें। दशहरा भारत का ऐसा त्योहार है जो पूरे देश को एक सूत्र में पिरोता है। यह हमें धर्म, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। यह पर्व इस बात का प्रतीक है कि बुराई कितनी भी बड़ी क्यों न हो, उसका अंत निश्चित है। दशहरे के माध्यम से हम अपने जीवन में यह संकल्प लें कि हम सदैव सच्चाई, सदाचार और मानवता के पथ पर चलेंगे। इस प्रकार, दशहरा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं बल्कि जीवन को दिशा देने वाला उत्सव है। यह हमें बार-बार याद दिलाता है कि अच्छाई ही अंततः जीतती है और यही सत्य जीवन का आधार है।


