पालघर (सं. भा.) रविवार को हो रही बारिश के बीच सफायर लाइफसायंस प्राइवेट लि. दवा बनाने वाली कंपनी में आग लगने से पूरी कंपनी जलकर खाक हो गई। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। कंपनी में करीब 500 के आस-पास लोग काम कर रहे थे। जिला आपदा नियंत्रण प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि पालघर में महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (एमआईडीसी) क्षेत्र में स्थित इकाई में दोपहर करीब दो बजे आग लगी। उन्होंने बताया कि दमकल की 8 गाड़ियां घटनास्थल – पर पहुंच गई हैं। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा था। आग में कामगारों के बैग समेत अन्य सामान जलकर खाक हो गया। साथ ही सुरक्षा को देखते हुए आस पास की कंपनियों को भी खाली करवा दिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पालघर के डीएम गोविंद बोडके, एसडीएम सुनील माली, एडिशन एसपी पंकज शिरसाड समेत जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे।

रविवार तड़के कबाड़ के एक गोदाम में आग लग गई। हालांकि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कुलगांव-बदलापुर नगरपालिका के अग्निशमन दल के प्रमुख भागवत सोनावणे ने बताया कि आग भुवापाडा स्थित गोदाम में तड़के दो बजे लगी। उन्होंने कहा कि आनंद नगर, उल्हासनगर, अंबरनाथ और बदलापुर से आई दमकल की पांच गाड़ियों ने एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। गोदाम पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।


