spot_img
Homeठाणे/पालघरवसई-विरार में थम नहीं रहीं आग की घटनाएं, रेनकोट कंपनी में लगी...

वसई-विरार में थम नहीं रहीं आग की घटनाएं, रेनकोट कंपनी में लगी आग से हड़कंप

पालघर (सं.भा.) वसई-विरार क्षेत्र में लगातार सामने आ रही आगजनी की घटनाओं के बीच एक और मामला सामने आया, जब वसई पूर्व स्थित रेनकोट कंपनी में अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, वसई पूर्व के रिचर्ड कंपाउंड स्थित कंपनी परिसर में यह आग लगी। आग लगते ही पूरे परिसर में धुआं फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही वसई फाटा अग्निशमन केंद्र की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान पाया गया कि कंपनी में छोटे स्तर की आग लगी थी, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होती तो यह आग विकराल रूप ले सकती थी।
अग्निशमन दल ने तेजी से दो होज लाइन और होज रील की मदद से आग पर काबू पाया। इसके बाद पूरे परिसर में पानी का छिड़काव कर कूलिंग ऑपरेशन किया गया, जिससे दोबारा आग भड़कने की संभावना पूरी तरह खत्म कर दी गई।
इस कार्रवाई में अग्निशमन दल के जवान प्रसाद विशे, निकेत पाटील, कल्पेश पाटील और वाहन चालक निलेश पाटील की अहम भूमिका रही। वहीं, सूचना देने वाले अब्दुल आलीम खान की सतर्कता भी महत्वपूर्ण साबित हुई।

सुरक्षा पर उठे सवाल:
गौरतलब है कि वसई-विरार इलाके में बीते दिनों में आग लगने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं ने औद्योगिक क्षेत्रों में फायर सेफ्टी व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को अब सख्त निरीक्षण और सुरक्षा मानकों को लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठाने होंगे, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com