spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईमुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, फूड प्वाइजनिंग...

मुंबई में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, फूड प्वाइजनिंग की आशंका

मुंबई, (सं. भा.): मुंबई से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पायधुनी इलाके में संदिग्ध फूड प्वाइजनिंग के चलते एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। रात में सामान्य तरीके से खाना खाने के बाद अचानक सभी की तबीयत बिगड़ी और कुछ ही घंटों में पूरा परिवार काल के मुंह में समा गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, 25 अप्रैल की रात परिवार ने भोजन किया और उसके बाद फल का सेवन किया। कुछ ही समय बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी। हालत गंभीर होने पर उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सभी ने दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान अब्दुल्ला डोकाडिया, उनकी पत्नी नसरीन डोकाडिया और उनकी दो बेटियों आयशा (16) व जैनब (13) के रूप में हुई है। एक साथ चार मौतों की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोग भी स्तब्ध रह गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस ने घर से खाद्य पदार्थों के नमूने जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग स्तब्ध हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com