मुंबई (सं. भा.) मालाड के मालवणी में एक तीन मंजिला मकान के गिरने से 6 मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने और 12 लोगों की अकाल मौत होने की घटना को 24 घंटे भी नही हुए थे कि दहिसर पूर्व में भी मकान गिरने की घटना घटित हुई। यहां भी एक दो मंजिला मकान के मलबे में दबने से तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें एक 26 वर्षीय युवक प्रद्युम्न सरोज की मौत हो जाने की पुष्टि दहिसर पुलिस ने की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दहिसर पूर्व के केतकीपाड़ा, शिवाजी नगर स्थित शंकर टेकरी के शंकर मंदिर के पास एक दो मंजिला मकान अचानक गिर पड़ा। उसका मलबा तीन बगल के मकानों पर गिरा जिसके चपेट में एक युवक आ गया । युवक को मलबे से निकाल कर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फायर ब्रिगेड के अधिकारी और जोन 12 के पुलिस उपायुक्त डॉ .स्वामी के नेतृत्व में दहिसर पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य कर रही है।


पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दो मंजिला मकान की दीवार नीचे वाले मकानों पर गिरने से यह हादसा घटित हुआ । घटना शाम करीब साढ़े 6 बजे के आसपास घटित हुई। घटना के समय प्रद्युम्न घर में सो रहा था। उसी घर में उस वक्त बर्तन धो रहा एक युवक समय रहते घर से बाहर निकलने में कामयाब रहा। डीसीपी डॉ .स्वामी ने बताया कि जिन तीन घरों पर मलबा गिरा उसमें से एक घर बंद पड़ा था। एक घर में पांच लोग रहते थे। वे और तीसरे घर में बर्तन धो रहा युवक समय रहते खुद को बचाने में सफल रहे।
खबर लिखे जाने तक मलबा हटाने का काम जारी था।


