- बेस्ट 9 मार्गों पर संचालित करेगी 24 अतिरिक्त बसें
मुंबई (सं. भा.) इस बार का भी गणेशोत्सव मुंबईकरों के लिए हैपी रहने वाला है। लालबाग के राजा सहित ऐसे ही अपने पसंदीदा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल में गणपति बाप्पा का देर रात दर्शन करने के बाद भक्तों को घर लौटने में किसी खास समस्या का सामना नही करना पड़ेगा। बेस्ट ने गणेशोत्सव के दौरान 9 मार्गों पर अतिरिक्त बसें चलाने का निर्णय लिया है। ऐसी जानकारी बेस्ट सूत्रों से मिली है। इन बसों का संचालन 7 से 16 सितंबर तक किया जाएगा। पिछले साल भी बेस्ट ने पांच दिनों के लिए पूरी रात बस सेवा प्रदान की थी। बेस्ट ने राज्य सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष भी दस दिनों के लिए बस सेवा प्रदान करने का निर्णय लिया है।

मुंबई में अब गणेश भक्त पूरी रात गणेशोत्सव मंडलों के गणेश जी के दर्शन कर सकेंगे। गणेशोत्सव कुछ ही दिन दूर हैं, सार्वजनिक मंडलों द्वारा तैयारियां जोरों पर हैं। इस वर्ष नागरिकों को गड्डों और जाम से परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसी के अनुरूप मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने पहली बार नवी मुंबई से मुंबई हवाई अड्डे तक ‘ग्रीन कॉरिडोर’ की योजना बनाई है।
सड़कों पर पुलिस तैनात की जाएगी ताकि ‘ग्रीन कॉरिडोर’ पर यातायात प्रभावित न हो सके। अटल सेतु के रास्ते नवी मुंबई से आने वाले वाहन पीडीमेलो रोड के रास्ते सीएसएमटी की ओर जाएंगे, ये वाहन मरीन ड्राइव से मंत्रालय होते हुए कोस्टल रोड की ओर बढ़ेंगे। बांद्रा वलीं सीलिंक, एक्सप्रेस-वे के माध्यम से मुंबई हवाई अड्डे तक जा सकते है। लालबाग के राजा के दर्शन के लिए लालबाग फ्लाईओवर के नीचे यातायात बंद रहेगी।


