यूट्यूबर के सवाल से भड़कीं एक्ट्रेस, फैंस और स्टार्स ने दिया समर्थन
मुंबई (सं. भा.):
साउथ फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री गौरी जी. किशन हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल हुईं, जहां उनसे पूछे गए एक सवाल ने माहौल गरमा दिया। एक यूट्यूबर ने उनके सह-कलाकार आदित्य माधवन का हवाला देते हुए सवाल किया कि क्या किसी सीन के दौरान उन्हें उठाना मुश्किल था। यह सवाल सुनते ही गौरी जी. किशन आगबबूला हो गईं और उन्होंने करारा जवाब दिया। एक्ट्रेस ने कहा, “यह सवाल मेरे फिल्म प्रमोशन या किसी सीन से कोई संबंध नहीं रखता था। यह सिर्फ मेरा आत्मविश्वास और आत्म-सम्मान कम करने की कोशिश थी, जिसे मज़ाक के रूप में पेश किया गया।” इस मुद्दे पर कई फिल्म सितारों ने गौरी का समर्थन किया। अभिनेत्री खुशबू सुंदर, ऋ चा चड्ढा और चिन्मयी श्रीपदा सहित कई कलाकारों ने इस तरह के अनावश्यक सवालों की निंदा की। गौरी जी. किशन ने 2018 में तमिल फिल्म ‘96’ से फिल्मी दुनिया में कदम रखा। इस फिल्म में उन्होंने त्रिशा के बचपन के किरदार का रोल निभाया, जो छोटा था, लेकिन उनके अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया। इसके बाद उन्हें मलयालम और तेलुगु फिल्मों से कई ऑफर मिले। अभिनेत्री ने कहा कि इस तरह के सवाल कलाकारों की मेहनत और पेशेवर छवि को ठेस पहुँचाते हैं, और ऐसे सवालों का जवाब देना ज़रूरी है।


