spot_img
Homeअभियान के यूपी दिवस समारोह में दिखी “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की झलक

अभियान के यूपी दिवस समारोह में दिखी “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की झलक

  • यूपी की तर्ज पर मुंबई में भी चलेगा आसामाजिक तत्वों के खिलाफ बुलडोजर: आशीष शेलार

मुंबई (सं. भा.) : मुंबई के विकास में उत्तर प्रदेश के साथ देश के सभी राज्यों के लोगों का योगदान है, इसलिए अब से मुंबई में “उत्तरप्रदेश दिवस” की तर्ज़ पर सभी प्रदेशों का स्थापना दिवस मनाया जायेगा”, मुंबई भाजपा के अध्यक्ष विधायक आशीष शेलार ने रविवार को इसकी घोषणा की। इस अवसर पर शेलार ने शिवसेना का नाम लिए बिना जम कर प्रहार किया। शेलार ने कहा कि 25 वर्ष से एक पार्टी मनपा की सत्ता में बैठी है। मुंबई और देश के लिए घातक सिद्ध होने वाले कुछ आसामाजिक तत्वों ने शहर के कुछ हिस्सों में अवैध बस्तियां बसा लिए हैं। इन बस्तियों को हटाने की जगह इस पार्टी ने संरक्षण देने का काम किया है। आगामी मनपा चुनाव में हमारी (भाजपा) सत्ता आई तो उत्तर प्रदेश के तर्ज पर इन आसामाजिक तत्वों के अवैध घरों पर भी बुलडोजर चलेगा।


शेलार सामाजिक संस्था “अभियान” द्वारा मुंबई में आयोजित “उत्तरप्रदेश दिवस” समारोह में बोल रहे थे। सामाजिक सांस्कृतिक संस्था “अभियान” द्वारा आयोजित यह समारोह विलेपार्ले के दीनानाथ मंगेशकर सभागृह में मनाया गया। सामाजिक संस्था अभियान के यूपी दिवस समारोह में “एक भारत – श्रेष्ठ भारत” की झलक देखने को मिली। समारोह के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेक़र ने देश की विभिन्नता में एकता के रूप की प्रशंसा की। अतिथियों ने मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष अमरजीत मिश्र द्वारा पिछले ३५ वर्षों से मुंबई में आयोजित किए जा रहे उत्तरप्रदेश दिवस समारोह के लिए योगी सरकार द्वारा उन्हें सम्मानित किए जाने की पेशकश की। सांसद दिनेशलाल यादव निरहुआ ने यह कह कर सबका दिल जीत लिया कि अमरजीत मिश्र की वजह से ही मैं योगी जी की नज़र में आया और सांसद बन सका। उन्होंने यूपी दिवस शुरू करने की क्रेडिट अभियान को दी।


‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की अवधारणा के तहत आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में गायकी व अभिनय की दुनिया से राजनीति में आए आजमगढ़ सांसद दिनेशलाल यादव निरहुआ, प्रज्ञा शर्मा, पत्रकार विनोद यादव, उद्योगपति राजेश शर्मा, अमरबहादुर सिंह समेत उत्तर प्रदेश की मिट्टी में जन्म लेकर शून्य से शिखर तक पहुंचे कई लोगों को सम्मानित किया गया।
उत्तर प्रदेश की सोंधी मिट्टी से महकते इस समारोह में सोहर, वीर और हास्य रस की कवितायेँ, भोजपुरी मराठी गीतों व नृत्य ने समां बाँध दिया। यही नहीं, इस अवसर पर शिवाजी महाराज और अफ़ज़ल खान पर आधारित मराठी पोवाला भी पेश किया गया, जिसे सभी ने सराहा। समारोह का मुख्य आकर्षण रहा पिछले वर्ष गणतंत्र दिवस झांकी में अव्वल आए विरेंद्र वत्स द्वारा लिखे गीत धन्य धन्य उत्तरप्रदेश पर पेश किया गया नृत्य।
स्टेंडअप कोमेडियन राजीव निगम, सुनील साँवरा व महेश दुबे ने हास्य के क्षण उपस्थित किए। निरहुआ के अलावा मशहूर गायिका प्रियंका सिंह, प्रतापगढ़ से आए गायक दीपक त्रिपाठी, राधा मौर्य आदि गायकों ने गीत पेश कर समाँ बांध दिया।
समारोह में महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेक़र, विधान परिषद् सदस्य राजहंस सिंह, यूपी अल्पसंख्यक आयोग के प्रमुख अल्ताफ़ सैफी, सैदपुर (उप्र) के पूर्व विधायक सुभाष पासी,महाराष्ट्र हिंदी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ शीतलाप्रसाद दुबे, पत्रकार सुनील सिंह समेत कई हस्तियां उपस्थित थीं।
मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष व अभियान के संस्थापक अमरजीत मिश्र पिछले 35 वर्षों से लगातार मुंबई में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम का आयोजन करते आ रहे हैं। कालांतर में यह समारोह मुंबई के कई उपनगरों और कई राज्यों तक विस्तार ले चुका है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com