spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईमौसम में बदलाव के संकेत, 32 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

मौसम में बदलाव के संकेत, 32 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

मुंबई (सं.भा.) नवंबर के महीने में भी गर्मी का अहसास कर रहे मुंबईकरों के लिए राहत भरी खबर है। आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं के प्रभाव से महानगर के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि इस सप्ताह के मध्य से लेकर अंत तक अधिकतम तापमान घटकर 31 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इससे दिन के समय महसूस होने वाली उमस और गर्मी से लोगों को कुछ हद तक राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि नवंबर की शुरुआत में मुंबई में गर्मी ने लोगों को खासा परेशान किया था। कई दिनों तक अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया था। हालांकि, बीते दो दिनों से पारे में गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है और अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री पर बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आगामी दिनों में तापमान में प्रतिदिन आधा से एक डिग्री सेल्सियस तक कमी आने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ अश्रेया शेट्टी के अनुसार, उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं और उत्तर भारत के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हाल ही में हुई बर्फबारी मुंबई के मौसम को प्रभावित करेगी। इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, रात के तापमान में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मुंबई में न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, ठाणे, नवी मुंबई और कल्याण में न्यूनतम तापमान मुंबई की तुलना में एक से दो डिग्री कम रह सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com