डोंबिवली (सं.भा.) रिहायशी इलाकों के आसपास संचालित खतरनाक रासायनिक उद्योग लंबे समय से स्थानीय नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। जहरीले रसायनों के रिसाव, आग और विस्फोट जैसी घटनाएं न केवल जनजीवन को प्रभावित करती हैं, बल्कि वायु प्रदूषण और गंभीर स्वास्थ्य जोखिम भी पैदा करती हैं। इन्हीं चिंताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने डोंबिवली एमआईडीसी के अति-खतरनाक और खतरनाक रासायनिक उद्योगों के स्थानांतरण की प्रक्रिया तेज कर दी है।
विधानसभा के मानसून सत्र में विधायक आदित्य ठाकरे द्वारा उठाए गए प्रश्न के उत्तर में उद्योग मंत्री उदय सामंत ने बताया कि डोंबिवली एमआईडीसी में हुए भीषण रासायनिक विस्फोटों के बाद सरकार ने उद्योग विभाग के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में एक कार्ययोजना समिति का गठन किया है। इसके अलावा एक सर्वेक्षण समिति भी बनाई गई है, जिसने क्षेत्र का निरीक्षण कर खतरनाक और अति-खतरनाक उद्योगों की पहचान की है। बिना अनुमति संचालित इकाइयों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।
उद्योग मंत्री ने बताया कि कुछ भूखंडों पर रासायनिक उत्पादन बंद कर वहां सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) गतिविधियों को अनुमति दी गई है, जबकि शेष खतरनाक उद्योगों के स्थानांतरण की प्रक्रिया जारी है। हालांकि, उद्योग संगठनों का कहना है कि उन्हें अब तक स्थानांतरण की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। ऐसे में सरकार की अंतिम कार्ययोजना और उद्योगों के नए स्थान को लेकर स्थानीय नागरिकों और उद्योग जगत की नजरें सरकार के अगले कदम पर टिकी हुई हैं।
रासायनिक उद्योगों पर सरकार सख्त, विधानसभा में उदय सामंत ने दी जानकारी
RELATED ARTICLES


