पालघर क्राइम ब्रांच ने की कार्रवाई
पालघर (सं. भा.) : महाराष्ट्र में बैन होने के बावजूद गुटखा का अवैध करोबार रुकने का नाम नही ले रहा। मुंबई के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई करने के लिए पालघर जिले के विभिन्न इलाकों में मुंबई- अमदाबाद हाइवे के आसपास बने गोदामों में गुटखा को अवैध रुप से छिपा कर रखा जाता है। मुंबई-अमदाबाद हाइवे के आसपास बने 2 ऐसे ही गोदमों पर बुधवार की शाम को पालघर क्राइम ब्रांच की टीम ने छापामारी कर लगभग 81 लाख रुपये कीमत के अवैध गुटखा जप्त करने में सफल रही है।इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार शाम को पालघर के एसपी बालासाहेब पाटील को गुप्त सूचना मिली कि गुजरात से दो ट्रकों में गुटखा भरकर मुंबई की ओर जाने वाले हैं। सूचना के बाद एसपी के आदेश पर क्राइम ब्रांच के सीनियर पीआई अजय वसावे ने अलग-अलग दो टीमें हाइवे पर भेजी और नाकाबंदी लगा दी। क्राइम ब्रांच की टीम ने हाइवे के अंबोली गांव व चिल्लार फाटा के पास दो वाहनों को रोककर उनमें लगभग 60 लाख रुपये का गुटखा जब्त किया। क्राइम ब्रांच ने बताया कि वाहनों व गुटखे की कुल कीमत 81 लाख रुपये है।


