spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईऊंची इमारतों में बंद फ्लैटों को बनाता था निशाना पुराने अख़बार देखकर...

ऊंची इमारतों में बंद फ्लैटों को बनाता था निशाना पुराने अख़बार देखकर चोरी करने वाला शातिर गिरफ्तार

मुंबई (सं. भा.) मुंबई में बंद घरों और सूने फ्लैटों में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। खासकर ऊंची रिहायशी इमारतों में रहने वाले लोग छुट्टियों या यात्रा के दौरान घर बंद छोड़ जाते हैं, जिसका फायदा उठाकर शातिर चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे ही एक मामले का खुलासा करते हुए बांगुर नगर पुलिस ने सूने फ्लैटों में चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक रविंद्र आव्हाड के अनुसार, शिकायतकर्ता कृष्णा शंकर अय्यर (72) अपने परिवार के साथ 7 से 10 अप्रैल 2026 के बीच इंदौर गए हुए थे। इसी दौरान गोरेगांव पश्चिम स्थित हरितनंदन सोसायटी के उनके फ्लैट के बाहर कई दिनों से अख़बार पड़े होने से आरोपी को घर सूना होने का अंदाज़ा हुआ। आरोपी ने फ्लैट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और सोने के आभूषण व नकदी समेत करीब 10.10 लाख रुपये की चोरी कर फरार हो गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान परशुराम विलास रांडे (42) के रूप में हुई है, जो ओशिवारा क्षेत्र का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी सूने घरों की पहचान दरवाजे पर पुराने अख़बार, लटके हार-फूल और गैलरी में कई दिनों से टंगे कपड़ों को देखकर करता था। आरोपी सोसायटी में सिक्योरिटी गार्ड को किसी फ्लैट में मिलने जाने की बात कहकर अंदर प्रवेश करता और ऊपरी मंजिलों पर जाकर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।
पुलिस ने आरोपी के पास से सोने के आभूषण, डायमंड ईयररिंग, ब्रेसलेट और 30 हजार रुपये नकद समेत चोरी का पूरा माल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से ओशिवारा, विलेपार्ले समेत कई पुलिस थानों में चोरी और घरफोड़ के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com