मुंबई (सं. भा.) मानसून की दस्तक से पहले मुंबई में जलभराव और ट्रैफिक जाम जैसी समस्याओं से निपटने के लिए बीएमसी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर के बड़े और छोटे नालों की सफाई युद्धस्तर पर की जा रही है, ताकि बारिश के दौरान पानी निकासी व्यवस्था सुचारू बनी रहे और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक अमित साटम ने बताया कि अब तक शहर में करीब 50 प्रतिशत नाला सफाई कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष काम 31 मई तक हर हाल में पूरा किया जाए। इसी कड़ी में अमित साटम ने संयुक्त पालक मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा और बीएमसी अधिकारियों के साथ बांद्रा, जुहू, अंधेरी पश्चिम, वर्सोवा और गोरेगांव क्षेत्रों में चल रहे नाला सफाई कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि नालों से गाद निकालने और जल निकासी मार्ग साफ करने का काम लगातार जारी है। इस दौरान बीएमसी के वरिष्ठ अधिकारी, स्टॉर्म वॉटर ड्रेन विभाग के कर्मचारी, उप नगर आयुक्त और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रशासन का दावा है कि मानसून से पहले सभी संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि भारी बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति को कम किया जा सके।
मानसून से पहले मुंबई अलर्ट मोड पर नाला सफाई कार्य में तेजी, पालक मंत्री ने किया निरीक्षण
RELATED ARTICLES


