मुंबई (सं. भा.)। धार्मिक स्थलों को सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र बनाने की दिशा में कांदिवली में एक नई पहल शुरू हुई है। सेक्टर-8 में पगोडा शैली में भव्य बुद्ध विहार का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय लोगों को धार्मिक गतिविधियों के साथ शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री तथा उत्तर मुंबई के सांसद पीयूष गोयल ने भूमिपूजन के अवसर पर इसके निर्माण के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा की।
इस अवसर पर गोयल ने कहा कि प्रस्तावित बुद्ध विहार को केवल धार्मिक स्थल तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे समाज के सभी वर्गों के लिए एक बड़े सामुदायिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पुस्तकालय, कौशल विकास केंद्र, ध्यान एवं साधना, बच्चों की शिक्षा और संस्कार से जुड़ी गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक तथा सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की व्यवस्था होगी।
उन्होंने बताया कि इस केंद्र को अटल बिहारी वाजपेयी कौशल विकास केंद्र से जोड़ने की दिशा में भी सहयोग किया जाएगा, ताकि स्थानीय युवाओं और महिलाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें। गोयल के अनुसार, कौशल विकास का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं है, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर बनाकर उनके भीतर आर्थिक रूप से आगे बढ़ने और सुरक्षित भविष्य बनाने का आत्मविश्वास पैदा करना भी है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक युवा और महिला को अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। कांदिवली में बनने वाला यह बुद्ध विहार आने वाले समय में धार्मिक आस्था के साथ शिक्षा, कौशल विकास, सामाजिक एकता और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनने की उम्मीद है।
आस्था के साथ शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देगा कांदिवली का नया बुद्ध विहार
RELATED ARTICLES


