शिक्षण विभाग कब करेगी कार्रवाई
लोग उठा रहे सवाल
पालघर (सं. भा.): हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जिला शिक्षण विभाग द्वारा जिले भर में चल रहे अवैध स्कूलों की सूची जारी की है। दूसरी ओर पालघर जिले की आम जनता यह सवाल उठा रही है कि अवैध चल रहे स्कूलों की सूची जाहिर करने से क्या होता है? जिला शिक्षण विभाग हर साल सूची जाहिर कर अपने कर्तव्यों से पल्ला झाड़ लेती है जबकि ऐसे गैर मान्यता प्राप्त स्कूलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
जिला शिक्षण विभाग ने जिलेभर में चलने वाले 118 अवैध स्कूलों की सूची जारी कर इन स्कूलों में बच्चों को प्रवेश न दिलाने की अपील अभिभावकों से की गई है। सबसे अधिक 110 अवैध स्कूल वसई तालुका में हैं। इस तालुका में नालासोपारा क्षेत्र पहले नंबर पर है। यहां लगभग 70 स्कूल अवैध हैं। यह जानकारी जिले की शिक्षण है अधिकारी संगीता भागवत ने दी है। उल्लेखनीय है कि शिक्षण विभाग हर वर्ष अवैध स्कूलों की सूची जारी करता है। मगर, कार्रवाई न होने से अवैध स्कूल कम होने की बजाय बढ़ते जा रहे हैं। यहां अधिकतर स्कूल अवैध इमारतों में संचालित हैं। बिना अनुमति की हर गली-चौराहे में स्कूल खोले जा रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। शिक्षा विभाग की सूची के अनुसार, वसई तालुका में 110 व पालघर में 8 स्कूल अवैध हैं।


