मुंबई (सं. भा.) : रतन टाटा न केवल मशहूर उद्योगपति हैं बल्कि भारत के अलावा विदेशों में भी इनकी ख्याति फैली है। वे विनम्र, मानवीय और नैतिक मूल्यों के प्रति समर्पित व्यक्ति हैं। वे नए उद्यमियों के लिए एक प्रकाश स्तंभ भी हैं। उपरोक्त विचार राजभवन में आयोजित समारोह में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति, महाराष्ट्र के राज्यपाल ने रतन टाटा को नवगठित एचएसएनसी समूह विश्वविद्यालय के पहले विशेष दीक्षांत समारोह में ‘डॉक्टर ऑफ लिटरेचर’ की मानद उपाधि से सम्मानित किए जाने के अवसर पर व्यक्त किया।
कार्यक्रम में रतन टाटा ने कहा कि विश्वविद्यालय नैतिकता और मानवीय मूल्यों के माध्यम से देश का नेतृत्व करने के लिए एक मजबूत युवा पीढ़ी का निर्माण करें। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. निरंजन हीरानंदानी ने की। कार्यक्रम में उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव विकास चंद्र रस्तोगी, एचएसएनसी बोर्ड के अध्यक्ष अनिल हरीश, पूर्व अध्यक्ष किशु मनसुखानी और कुलपति डॉ. हेमलता बागला उपस्थित थे।


