spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईआतंकवाद से मुकाबले के लिए महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला

आतंकवाद से मुकाबले के लिए महाराष्ट्र सरकार का बड़ा फैसला

मुंबई, (सं.भा.) महाराष्ट्र में आतंकवादी हमलों से निपटने और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के लिए राज्य सरकार ने पुलिस व्यवस्था में अहम बदलाव किया है। अब राज्य की विशेष कमांडो इकाई फोर्स वन का प्रशासनिक और कार्यकारी नियंत्रण आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के अधीन रहेगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार के इस फैसले के बाद दोनों इकाइयां एक ही नेतृत्व में काम करेंगी। गृह विभाग ने 16 नवंबर 2026 को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है।
सरकार का मानना है कि इस नई व्यवस्था से आतंकवादी घटनाओं के दौरान सूचनाओं का आदान-प्रदान तेज होगा और किसी भी आपात स्थिति में संयुक्त कार्रवाई करने में आसानी होगी। अब तक फोर्स वन महाराष्ट्र पुलिस के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) के स्वतंत्र प्रशासनिक नियंत्रण में काम कर रहा था। नए आदेश के तहत इसकी कमान एटीएस को सौंपने का निर्णय लिया गया है। पुलिस महानिदेशक को नियंत्रण हस्तांतरण की प्रक्रिया तत्काल पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2008 में हुए 26/11 मुंबई आतंकी हमले के बाद महाराष्ट्र में फोर्स वन कमांडो यूनिट का गठन किया गया था। इस विशेष दस्ते को आतंकवादी हमलों का जवाब देने, बंधकों को सुरक्षित मुक्त कराने और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा जैसे संवेदनशील अभियान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दूसरी ओर, एटीएस आतंकवाद से जुड़े मामलों की जांच, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और आतंकी नेटवर्क का पता लगाने का काम करता है।
सरकार के आदेश के अनुसार, नियंत्रण में बदलाव के बावजूद फोर्स वन की मौजूदा पद संरचना, कर्मचारियों की संख्या और बजटीय प्रावधानों में कोई फेरबदल नहीं होगा। इस फैसले का मुख्य उद्देश्य दोनों सुरक्षा इकाइयों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com