spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईमंगल कुंज में ‘अमंगल’! रिडेवलपमेंट के नाम पर धोखा और घोटाला -...

मंगल कुंज में ‘अमंगल’! रिडेवलपमेंट के नाम पर धोखा और घोटाला – 200 परिवारों का आरोप

मुंबई (सं.भा.) पुनर्विकास योजना के तहत पुराने भवनों को नया रूप देने की प्रक्रिया जहां लोगों के बेहतर भविष्य की उम्मीद जगाती है, वहीं पारदर्शिता की कमी कई बार विवाद खड़ा कर देती है। बोरीवली के मंगल कुंज में भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया है, जहां पुनर्विकास को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित इंद्रप्रस्थ शॉपिंग सेंटर के सामने बनी 66 साल पुरानी मधुमिलन को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी (मंगल कुंज) इन दिनों गंभीर आरोपों से घिरी हुई है। सोसायटी के करीब 200 परिवारों का आरोप है कि मैनेजिंग कमेटी ने पुनर्विकास के नाम पर मनमानी करते हुए उन्हें भरोसे में लिए बिना बड़े फैसले ले लिए।
रहवासियों का कहना है कि बिना जनरल बॉडी मीटिंग और सदस्यों की सहमति के ही बीएमसी में रिडेवलपमेंट प्लान जमा कर दिया गया। मामला तब सामने आया जब कुछ दस्तावेज बीएमसी की फाइलों से सामने आए, जिसके बाद सोसायटी के भीतर विवाद तेज हो गया।
कुछ सदस्यों ने मैनेजिंग कमेटी पर वित्तीय अनियमितताओं के भी आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि टैक्स से जुड़ी रकम में गड़बड़ी हुई है और लाखों रुपये के लेन-देन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सदस्य विरल सावला के मुताबिक सोसायटी की कीमती जमीन को लेकर एक सुनियोजित साजिश रची गई, जिसमें दुकानदारों को पीछे कर आगे की जमीन से फायदा उठाने की कोशिश की गई।
हालांकि सोसायटी के सचिव देवेंद्र सयानी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि सभी प्रक्रियाएं नियमों के तहत पूरी की गई हैं और प्रॉपर्टी टैक्स भी समय-समय पर जमा किया गया है, जिसमें बकाया और जुर्माना शामिल है। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के चलते बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।
फिलहाल मामले ने तूल पकड़ लिया है और सोसायटी के निवासियों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच की मांग की है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और सभी सदस्यों के हित सुरक्षित रह सकें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com