spot_img
Homeआर्टिकलमुंबई... बंबई... बॉम्बे... : हिंदी कविता में महानगर का जीवंत महाकाव्य

मुंबई… बंबई… बॉम्बे… : हिंदी कविता में महानगर का जीवंत महाकाव्य

– नरेंद्र पुण्डरीक, बांदा (उत्तर प्रदेश)

दिल्ली, कोलकाता और मुंबई का नाम लेते ही पूरे देश के जनमानस की आकांक्षाएँ, सपने, संघर्ष और संभावनाएँ आँखों के सामने साकार हो उठती हैं। इन महानगरों में भी मुंबई का स्थान विशिष्ट है। यह केवल सपनों की नगरी नहीं, बल्कि अर्थव्यवस्था की राजधानी, श्रम और संघर्ष की भूमि तथा विविध संस्कृतियों के संगम का महानगर है। इसी कारण इसे अवसरों की नगरी कहा गया है, तो कभी तस्करी, अपराध और माफिया संस्कृति की नगरी के रूप में भी देखा गया है। परंतु इन सभी विरोधाभासों के बीच मुंबई का जो वास्तविक चेहरा है, उसे कवि बालासाहेब लबडे ने अपने काव्य-संग्रह ‘मुंबई… बंबई… बॉम्बे…’ में अत्यंत संवेदनशीलता और व्यापक दृष्टि के साथ प्रस्तुत किया है।
इस संग्रह की कविताएँ पढ़ते हुए ऐसा अनुभव होता है कि कवि ने मुंबई को केवल देखा भर नहीं, बल्कि उसके एक-एक कण, एक-एक गली, एक-एक मोहल्ले और उसके समूचे जनजीवन को जीया है। इन कविताओं के प्रत्येक शब्द में मुंबई की धड़कन सुनाई देती है। यहाँ की सड़कें, फुटपाथ, झुग्गियाँ, बाजार, लोकल ट्रेनें, समुद्र किनारे, गलियाँ और मोहल्ले जीवंत होकर पाठक के सामने उपस्थित हो जाते हैं। हिंदी की सहजता, बम्बइया हिंदी की मिठास, स्थानीय बोली की लय तथा महानगरीय जीवन की विशिष्ट गंध इन कविताओं को एक अलग पहचान प्रदान करती है।
इन कविताओं को पढ़ते ही मुंबई के उस जनजीवन का साक्षात्कार होता है, जो सामान्यतः दिखाई नहीं देता। यह इस संग्रह की सबसे बड़ी विशेषता है। पढ़ते हुए पाठक के सामने जनजीवन का एक विस्तृत खाका उभरता है, जहाँ लोगों की हर्ष-उल्लास, पीड़ा, दुख, संघर्ष, आशा और निराशा एक साथ दिखाई देती हैं। कवि केवल दृश्य प्रस्तुत नहीं करता, बल्कि उन दृश्यों के भीतर छिपी संवेदनाओं तक पहुँचता है।
कवि अपने पाठकों को मुंबई के प्रत्येक ठीहे, गली, मोहल्ले और अड्डे से परिचित कराता है। वह केवल स्थानों का वर्णन नहीं करता, बल्कि वहाँ की सम्मिलित संस्कृति, सामाजिक संरचना और जीवन-व्यवहार को भी सामने लाता है। संग्रह में शामिल ‘धारावी’, ‘मरीन ड्राइव’, ‘हाजी अली’, ‘शिवाजी पार्क’, ‘मुंबादेवी’, ‘फूलगली’, ‘राजाबाई टॉवर’, ‘अंधेरी’, ‘बोरीवली फास्ट’, ‘मुंबई के भाई लोग’ और ‘मालाड मोहल्ला’ जैसी कविताएँ बार-बार पाठक को अपनी ओर आकर्षित करती हैं। इन कविताओं में महानगर के बहुआयामी जीवन का ऐसा चित्र उपस्थित हुआ है, जो साहित्य में विरल है। गरीबों के घर, उनकी गलियाँ, नालियाँ, चूल्हे, झुग्गियाँ, पीली-लाल बत्तियाँ, फुटपाथों पर गुजरती ज़िंदगियाँ, लोकल ट्रेनों की भीड़ और रोज़मर्रा का संघर्ष इन कविताओं में बराबर उपस्थित है। मुंबई की चकाचौंध के समानांतर चलने वाले इस यथार्थ को कवि अत्यंत प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त करता है।
संग्रह की अनेक पंक्तियाँ कवि की वैचारिक तीक्ष्णता और सामाजिक दृष्टि का परिचय देती हैं।
सँग्रह की कविताओं में एक ओर गर्व और उत्सव का शोर है, दूसरी ओर मनुष्य की बुनियादी आवश्यकताओं की उपेक्षा। यही वह दृष्टि है जो कवि को एक सजग सामाजिक रचनाकार बनाती है। इन पंक्तियों में कवि का अंतर्भाव और उसका सामाजिक सरोकार स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
इन कविताओं की एक बड़ी विशेषता यह भी है कि वे मराठी से हिंदी में अनूदित हैं।
कविताओं को पढ़ते हुए लगातार यह अनुभव होता है कि अनुवादक ने मूल कविता की संवेदना, लय, वातावरण और आत्मा को पूरी निष्ठा के साथ हिंदी में रूपांतरित किया है। कहीं भी संप्रेषण बाधित नहीं होता। इसके विपरीत, हिंदी पाठक इन कविताओं से सहज रूप से जुड़ जाता है।
अनुवाद की सफलता का एक प्रमुख कारण यह है कि मुंबई में बोले जाने वाले अनेक स्थानीय शब्दों और भाषिक रंगों को यथासंभव सुरक्षित रखा गया है। इससे कविताओं की स्थानीयता और प्रामाणिकता बनी रहती है। यही कारण है कि ये कविताएँ अपने पाठकों के बीच बिना किसी अवरोध के संवाद स्थापित करती हैं। मूल कवि की उपस्थिति भी पाठकों के बीच अक्षुण्ण बनी रहती है।
बालासाहेब लबडे की इन कविताओं में जीवनानुभव और सामाजिक अनुभव का विशाल संसार मौजूद है। जब किसी कवि के पास अनुभव का इतना व्यापक प्रकाशस्तंभ हो, तब उसकी दृष्टि से समाज का कोई भी पक्ष छिपा नहीं रह सकता। यही कारण है कि ये कविताएँ केवल मुंबई का वर्णन नहीं करतीं, बल्कि उसके बहुआयामी चरित्र को उसकी संपूर्णता में उद्घाटित करती हैं।
हिंदी कविता के इतिहास में इसकी उपस्थिति एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज होगी। यह संग्रह अपने विशिष्ट शिल्प, नवीन कथ्य, व्यापक सामाजिक दृष्टि और मानवीय संवेदना के कारण एक नए काव्य इतिहास की रचना करता है।
मैं कवि बालासाहेब लबडे व अनुवादक भारत वेडे को भी विशेष बधाई।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com