मुंबई, (सं.भा.) मुंबई से विरार के बीच बढ़ती यातायात जरूरतों को देखते हुए कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। भाईंदर-विरार मेट्रो-13 कॉरिडोर के तहत वसई खाड़ी पर करीब 4.92 किलोमीटर लंबा डबल डेकर पुल बनाया जाएगा। पुल के निचले हिस्से में छह लेन की सड़क और उसके ऊपर मेट्रो मार्गिका होगी। इसके निर्माण से मुंबई और विरार के बीच आवागमन आसान होने के साथ करीब 32 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर भी बचेगा।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) द्वारा करीब 25.03 किलोमीटर लंबे मेट्रो-13 कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। परियोजना पर लगभग 17,724 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह कॉरिडोर मीरा रोड, वसई, नायगांव, नालासोपारा और विरार को सीधे जोड़ेगा। इसके शुरू होने के बाद सड़क मार्ग की तुलना में यात्रा समय में करीब 50 प्रतिशत तक कमी आने की उम्मीद है।
मेट्रो-13 का 21.78 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड और 3.25 किलोमीटर हिस्सा भूमिगत होगा। कॉरिडोर पर कुल 16 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें 13 एलिवेटेड और तीन भूमिगत स्टेशन होंगे। यह मार्ग ठाणे और पालघर जिलों के बीच सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को भी मजबूत करेगा।
कॉरिडोर को नायगांव, नालासोपारा और विरार में उपनगरीय रेलवे से जोड़ा जाएगा। भाईंदर में नेताजी सुभाषचंद्र बोस मैदान से मेट्रो-13 शुरू करने और इसे मेट्रो-9 से जोड़ने का प्रस्ताव है। वहीं, चिखल डोंगरी में मेट्रो कार शेड विकसित करने की योजना है।
गौरतलब है कि वसई खाड़ी पर सड़क और मेट्रो के लिए साझा डबल डेकर पुल के निर्माण को राज्य मंत्रिमंडल की बुनियादी ढांचा समिति से मंजूरी मिल चुकी है। परियोजना के पूरा होने से मुंबई-विरार क्षेत्र में सड़क और मेट्रो दोनों की कनेक्टिविटी बेहतर होने तथा रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुंबई-विरार कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार
RELATED ARTICLES


