मुंबई (सं. भा.): बोरीवली इलाके के नागरिकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। गोराई इलाके में मुंबई का पहला मैंग्रोव पार्क तैयार किया जा रहा है, जो जल्द ही आम लोगों के लिए खोला जाएगा।
यह पार्क गोराई जेट्टी के पास गोराई नगर, सर्वे नंबर 883 में विकसित किया गया है। खास बात यह है कि इस पार्क का नाम ‘भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी मैंग्रोव पार्क’ रखा जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

इस संबंध में जानकारी स्थानीय विधायक संजय उपाध्याय ने अपने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की है। उन्होंने बताया कि यह पार्क पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा और यहां आने वाले लोगों को प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ जागरूकता का भी संदेश मिलेगा।

विधायक संजय उपाध्याय ने इस परियोजना के लिए सरकार से विशेष आग्रह किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। उनके प्रयासों से यह परियोजना अब साकार रूप ले रही है, जिससे बोरीवली क्षेत्र को एक नया पर्यटन और पर्यावरणीय स्थल मिलने जा रहा है।

यह मैंग्रोव पार्क पूरी तरह इको-फ्रेंडली तरीके से विकसित किया जा रहा है, जहां लोग प्रकृति के करीब समय बिता सकेंगे। माना जा रहा है कि पार्क के खुलने के बाद यह स्थान न केवल स्थानीय नागरिकों बल्कि पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा।
फिलहाल पार्क के उद्घाटन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और जल्द ही इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा, जिससे बोरीवली को एक नई पहचान मिलने की उम्मीद है।


