जून में रिकॉर्डतोड़ बारिश
जलाशयों में 39.50% पानी जमा
मुंबई (स भा): मुंबई और आसपास के इलाकों में जून महीने में हुई जोरदार बारिश ने शहर को बड़ी राहत दी है। इस साल की व्यापक बारिश के कारण मुंबई को पानी की आपूर्ति करने वाली झीलों का जलस्तर 39.50% तक पहुंच गया है, जो पिछले दो सालों की तुलना में काफी बेहतर स्थिति है।
रविवार, 29 जून की सुबह तक, मुंबई को पानी पिलाने वाली सात झीलों में कुल 5,71,670 मिलियन लीटर पानी जमा हो चुका है। यह आंकड़ा पिछले साल 29 जून, 2024 को दर्ज किए गए मात्र 5.43% (78,579 मिलियन लीटर) और 2023 में 8.94% (1,29,348 मिलियन लीटर) से कहीं अधिक है। मुंबई को पानी आपूर्ति करने वाली इन सभी सात झीलों की कुल क्षमता 14,47,463 मिलियन लीटर है। जून महीने में ही मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन (एमएमआर) में औसत से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे कुल वार्षिक औसत बारिश का 21.68% पूरा हो चुका है। बीएमसी के आंकड़ों के अनुसार, 29 जून की सुबह तक मुंबई शहर में 502.5 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 483.62 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 449.71 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 29 जून तक कोलाबा ऑब्जर्वेटरी में 591.4 मिमी और सांताक्रूज ऑब्जर्वेटरी में 511.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।


