खराब मीटर वालों पर होगी कार्रवाई
मीरा-भाईंदर (सं.भा.): शहर में पानी के बिलों की वसूली को सही और व्यवस्थित बनाने के लिए मीरा-भाईंदर महानगरपालिका ने पानी मीटरों को लेकर सख्त कदम उठाए हैं। हाल ही में जल आपूर्ति विभाग द्वारा की गई जांच में कई घरों के मीटर बंद, जाम या खराब पाए गए। मई से अगस्त 2025 के बिलों में भी ऐसे मीटरों का उल्लेख दर्ज है।
औसत खपत के आधार पर बिल, छह माह तक मीटर न बदला तो कनेक्शन कट सकता है मनपा प्रशासन ने महाराष्ट्र महानगरपालिका अधिनियम का हवाला देते हुए कहा कि जिन घरों के मीटर खराब हैं, उनके पानी का बिल औसत खपत के आधार पर लिया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई उपभोक्ता छह माह से अधिक समय तक खराब या बंद मीटर नहीं बदलवाता, तो उसका पानी का कनेक्शन काटा जा सकता है। यह कदम पानी के सही उपयोग और बिलिंग में सटीकता बनाए रखने के लिए आवश्यक बताया गया है।
नागरिकों से अपील—खराब मीटर तुरंत बदलें और जानकारी दें जल आपूर्ति एवं सीवरेज विभाग के कार्यकारी अभियंता शरद नानेगांवकर ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अपने घरों में लगे खराब या बंद मीटर को तुरंत बदलवाएँ और नया मीटर लगने के बाद इसकी जानकारी आवेदन के माध्यम से मनपा कार्यालय को दें। इससे बिलिंग प्रक्रिया सही और नियमित रहेगी। मनपा का उद्देश्य—सही बिलिंग और पानी का सही उपयोग मनपा का कहना है कि सही और आधुनिक मीटर लगाने से न केवल बिलिंग व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि शहर में पानी के उपयोग और प्रबंधन में भी पारदर्शिता और नियंत्रण आएगा।


