देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में सोमवार सुबह एनआईए की टीम अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े लोगों के ऊपर तकरीबन 20 ठिकानों पर छापेमारी कर माफियाओं में दहशत फैला दी। दूसरों में दहशत और खौफ फैलाने वाले माफिया सोमवार को एनआईए की रडार पर थे। एनआईए की इस छापेमारी ने महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इसके पहले प्रवर्तन निदेशालय ने महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री नवाब मलिक को गिरफ्तार किया था। ईडी ने उनके खिलाफ टेरर फंडिंग और डी गैंग से जुड़े हुए लोगों से जमीन का सौदा करने का आरोप लगाया था। अब एनआईए ने नवाब मलिक के सहयोगी सुहेल खंडवानी पर कार्रवाई की है। इस छापेमारी में एक नाम समीर हिंगोरा का भी है। समीर हिंगोरा वही शख्स है जिसने बॉलीवुड के मुन्ना भाई यानी संजय दत्त को एके-56 राइफल मुहैया करवाई थी। संजय दत्त को हथियार देने में इस व्यक्ति का अहम रोल था। आपको बता दें कि समीर हिंगोरा की गाड़ी से ही संजय दत्त को एके-56 भिजवाई गई थी। इस मामले में टाडा अदालत के तत्कलीन जज पीडी कोडे ने समीर हिंगोरा को नौ साल की सजा भी सुनाई थी। समीर हिंगोरा पेशे से फ़िल्म प्रोड्यूसर भी है। 1993 के बम धमाकों में फिल्म अभिनेता संजय दत्त भी आरोपी थे। उन्हें भी टाडा अदालत ने सजा सुनाई थी। बाद में यह मुकदमा सुप्रीम कोर्ट तक गया था। फिलहाल अपनी सजा पूरी करने के बाद संजय दत्त जेल से रिहा होकर आम जिंदगी गुजार रहे हैं। समीर हिंगोरा को एनआईए ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की गई। एनआईए की यह रेड अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के लिए बड़ी चोट मानी जा रही है। जांच एजेंसी ने मुंबई के नागपाड़ा, भिंडी बाजार, मुंब्रा, भिवंडी, गोरेगांव, बोरीवली, सांताक्रुज समेत कुल 20 जगहों पर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया। सूत्रों के मुताबिक एनआईए को रेड के दौरान कई अहम दस्तावेज मिलें हैं। एनआईए ने मुंबई के भिंडी बाजार इलाके से छोटा शकील के साथ सलीम कुरैशी और सलीम फ्रूट को भी हिरासत में लिया है। एनआईए ने मुंबई की जानी-मानी माहिम दरगाह और हाजी अली दरगाह के ट्रस्टी सुहैल खंडवानी के घर पर भी सोमवार की अलसुबह छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक सोहेल खंडवानी से उनके घर पर एनआईए के अधिकारी कई घंटों पूछताछ करते रहे। एनआईए के अधिकारी सलीम फ्रूट से भी पूछताछ करने में जुटे रहे। सोहेल खंडवानी के माहिम स्थित घर पर सोमवार की सुबह से ही कार्रवाई शुरू थी। इसके अलावा 1993 मुंबई बम धमाकों से संबंधित लोगों के तीन ठिकानों पर रेड चल रही है।


