spot_img
Homeफिल्मी खबरेंहल्दी नहीं, चुमावन की रस्म ? 'रामायणम् के गान के एक...

हल्दी नहीं, चुमावन की रस्म ? ‘रामायणम् के गान के एक दृश्य ने बढ़ाई उत्सुकता

मुंबई (सं.भा.)नितेश तिवारी की आगामी फिल्म ‘रामायणम्: पार्ट 1’ के गीत ‘मंगल रंग’ को लेकर दर्शकों के बीच एक नई चर्चा शुरू हो गई है। भगवान राम की भूमिका में रणबीर कपूर और माता सीता के किरदार में साई पल्लवी नजर आ रहे हैं। गीत में विवाह समारोह से जुड़े कई दृश्य दिखाए गए हैं, लेकिन एक खास दृश्य ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इसमें राम को परिवार की महिलाओं के बीच बैठाकर पीला लेप लगाया जा रहा है। अब सवाल उठ रहा है कि यह विवाह से पहले होने वाली हल्दी की रस्म है या फिर मिथिला और पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रचलित ‘चुमावन’ की परंपरा।
गीत के इस दृश्य को देखकर शुरुआत में कई दर्शकों ने इसे हल्दी समारोह माना। हालांकि, दृश्य में सीता की मौजूदगी को लेकर कुछ लोगों ने सवाल उठाए। उनका तर्क है कि यदि यह विवाह से पहले की हल्दी रस्म है, तो इस प्रसंग में सीता का साथ दिखाई देना पारंपरिक रीति-रिवाजों के लिहाज से चर्चा का विषय बन सकता है। इसी के बाद सोशल मीडिया पर दृश्य के पीछे की सांस्कृतिक परंपरा को समझने की कोशिश शुरू हो गई।
इस चर्चा में ‘चुमावन’ या ‘चुमन’ रस्म का भी जिक्र हो रहा है। मिथिला और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में प्रचलित इस परंपरा को आशीर्वाद देने से जुड़ी रस्म के रूप में जाना जाता है। ऐसे में कुछ दर्शक अनुमान लगा रहे हैं कि फिल्म निर्माताओं ने विवाह प्रसंग में किसी क्षेत्रीय परंपरा को जगह दी हो सकती है।
‘मंगल रंग’ में राम और सीता के विवाह से जुड़े प्रसंगों को दिखाए जाने के कारण यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या फिल्म के जरिए मिथिला की सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को दर्शाने का प्रयास किया गया है। हालांकि, संबंधित दृश्य में वास्तव में कौन-सी रस्म दिखाई गई है, इसे लेकर निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। फिलहाल, गीत का यह दृश्य दर्शकों के बीच उत्सुकता और बहस का विषय बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com