spot_img
Homeठाणे/पालघरभीषण गर्मी में बूंद - बूंद पानी के लिए तरसते पालघर वासी...

भीषण गर्मी में बूंद – बूंद पानी के लिए तरसते पालघर वासी सैकड़ों गांवों में टैंकरों से की जा रही है पानी की सप्लाई

पालघर (सं. भा.) : एक तरफ जहां भीषण गर्मी पड़ रही है तो दूसरी ओर पालघर वासी बूंद – बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। इन दिनों तपती गर्मी में पानी नहीं होने से लोगों की जिंदगी नर्क बनी हुई है। पालघर के ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत के कारण हाहाकार मचा हुआ है। यहां के लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे है। तमतमाते सूरज के साथ ही पानी के टैंकरों की मांग भी यहां लगातार बढ़ रही है। पेयजल की पूर्ति के लिए ग्राम पंचायतों की ओर से तहसील कार्यालयों को प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं, लेकिन सरकारी खानापूर्ति के चलते टैंकरों से गांवोें में पानी की आपूर्ति में देरी हो रही है। सप्ताह भर पहले जिले के १९ गांवोें और ७३ छोटे गांवोें में टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन अब ३१ गांवों और १२२ छोटे गांवोें के लोगों और मवेशियों को टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
मोखाड़ा तालुका के २० दूरदराज के गांवों और ६९ छोटे गांवोें में रहने वाले ३५,७०४ लोगों और १०,३४७ पशुओं को प्रतिदिन १०५ चक्कर लगाकर २६ टैंकरों द्वारा पानी की आपूर्ति की जा रही है।
जव्हार तालुका के ११ गांवों और ३१ छोटे गांवोें में १८,९९६ लोगों और ८,०६१ पशुओं को पेयजल सप्लाई के लिए १७ टैंकर लगाए गए है, जो प्रतिदिन ४३ चक्कर लगा रहे है।
वाडा तालुका में भी पानी की समस्या है। हालांकि, मोखाड़ा और जव्हार जैसी यहां गंभीर स्थित नहीं है। यहां के ओगदा (टोकरे पाड़ा), जांभुलपाड़ा, सागमाल, घोड़ साखरे, दिवे पाड़ा, फणस पाड़ा, तिलमाल, सहित ३० छोटे गांवोें में, ४ टैंकर पानी सप्लाई के लिए गए है, जो ५,३५२ लोगों और २०० पशुधन के लिए प्रतिदिन १० राउंड और सप्ताह में ७० राउंड लगाकर पानी की आपूर्ति कर रहे है।
इस वर्ष जिले के विक्रमगढ़ तालुका में अप्रैल के मध्य से पानी की किल्लत शुरू हो गई थी। यहां के एक गांव में ३८४ नागरिकों और ३०४ मवेशियों को पानी के लिए एक टैंकर लगाया है। टैंकर द्वारा सप्ताह में ७ चक्कर लगाकर पानी की आपूर्ति की जा रही है।
जव्हार, मोखाडा, वाडा और विक्रमगढ़ तालुका के ३१ गांवों और १२२ छोटे गांवो में रहने वाले ६०,४३६ लोगों और १८,९१२ मवेशियों के लिए ४८ टैंकरों द्वारा रोजाना १५९ राउंड लगा कर पानी सप्लाई की जा रही है। ये टैंकर सप्ताह में कुल ११६५ राउंड पानी की सप्लाई के लिए लगाते है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com