मुंबई (सं.भा.): बॉलीवुड के मशहूर संगीतकार प्रीतम चक्रवर्ती के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने उनके प्रशंसकों के बीच नई चर्चा छेड़ दी है। 55वें जन्मदिन के मौके पर मिली शुभकामनाओं का आभार जताते हुए प्रीतम ने अपने जीवन में “नए सफर” की शुरुआत का संकेत दिया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनके भविष्य को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए संदेश में प्रीतम ने लिखा कि मुख्यधारा के संगीत जगत में उनका सफर शानदार रहा है, लेकिन अब वह कुछ ऐसे सपनों और अनुभवों को पूरा करना चाहते हैं, जिन्हें लंबे समय से टालते आ रहे थे। उन्होंने अपने प्रशंसकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब वह जीवन को नए नजरिए से जीने और नई राहों पर आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने कहीं भी संगीत जगत या बॉलीवुड छोड़ने की बात नहीं कही, लेकिन उनके शब्दों ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। प्रीतम हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के सबसे सफल संगीतकारों में गिने जाते हैं। अपने करियर में उन्होंने कई सुपरहिट फिल्मों और गीतों को संगीत दिया है, जो आज भी लोगों की प्लेलिस्ट का हिस्सा हैं। उनके हालिया पोस्ट के बाद फैंस लगातार यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर उनका “नया सफर” क्या होगा। फिलहाल प्रीतम की ओर से रिटायरमेंट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।


