मुंबई (सं. भा.) अक्सर लोग ग्रह पीड़ा निवारण के लिए विद्वान ज्योतिषियों के पास उपाय जानने के लिए जाते है लेकिन कुछ ऐसे भी ढोंगी पंडित होते है जो आस्था के नाम पर लोगों को फंसाकर उनका शोषण करते है ऐसा ही एक मामला मलाड में सामने आया है जहा पुलिस ने ज्योतिष के नाम पर ठगी का पुराण बांचने वाले ढोंगी बाबा को अपने शिकंजे में लिया है। मालाड पुलिस ने एक ५७ वर्षीय ज्योतिष को तंत्र मंत्र विद्या के नाम पर महिलाओं को अपने जाल में फंसाकर ठगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बाबा ने कई महिलाओं को ज्यादा ब्याज का लालच देकर पैसे निवेश करने के लिए कहा और जब लाखों रुपए उसके पास जमा हो गए तो वह फरार हो गया । आरोपी बाबा के पिता भी ज्योतिष थे। आरोपी अपने पिता जी के नाम का फायदा उठाकर लोगों का भरोसा कायम रखता था। आरोपी के पिता जाने-माने ज्योतिषी थे, इसी वजह से उनका बेटा होने के नाते लोग आरोपी पर भरोसा करते थे। लेकिन आरोपी उसके पास आए हुए भक्तों को ठगने लगा और पैसे पर अधिक ब्याज का लालच देकर पैसा जमा करवाता गया। पुलिस जब ज्योतिष के घर उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो उसके परिजन ने बताया कि वह कई महीनों से घर नहीं लौटा है। इसके बाद पुलिस ने सबूतों के आधार पर उसे मुलुंड से धर दबोचा।


