तीन महीने का अनाज लेने में परेशानी
मुंबई (स भा): महाराष्ट्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन वितरण में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं, जिससे लाभार्थियों और राशन दुकानदारों के बीच तनाव बढ़ रहा है। सरकारी राशन दुकानों पर लगी पीओएस मशीनें केवल एक महीने का ही राशन दिखा रही हैं, जबकि प्रधानमंत्री अन्न सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को तीन महीने का राशन एक साथ लेने की सुविधा है।
राशन दुकानदारों के संगठन ने इस मुद्दे पर आक्रोश व्यक्त किया है। उनका कहना है कि जब लाभार्थी तीन महीने का राशन एक साथ लेने आते हैं, तो पीओएस मशीन पर सिर्फ एक महीने का ही राशन नजर आता है। इसके अलावा, ये मशीनें हर महीने आठ दिन तक बंद रहती हैं और इनकी मरम्मत भी समय पर नहीं हो पाती। इस स्थिति में दुकानदारों के सामने राशन वितरण का संकट खड़ा हो गया है।
संगठन के अध्यक्ष नवीन मारू ने बताया कि कांदिवली पश्चिम के विधायक योगेश सागर ने राशन न मिलने पर दुकानदारों पर कार्रवाई की बात कही है, जिससे उनमें और भी गुस्सा है। उनका यह भी कहना है कि 59,000 रुपए सालाना आमदनी वाले केसरी राशनकार्ड धारक को ही मुफ्त राशन दिया जाता है। राशन विभाग द्वारा की गई हालिया केवाईसी में, शहर में अधिकांश लोगों की सालाना आमदनी 59,000 रुपए से ज्यादा पाई गई है। इस कारण बहुत से लाभार्थियों के नाम सूची से बाहर हो गए हैं। राशन दुकानदार संगठन ने सरकार से लाभार्थियों की आय सीमा बढ़ाने पर जोर लगाने की मांग की है।


