मुंबई (सं. भा.)। पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों का असर अब सार्वजनिक परिवहन पर भी दिखाई देने लगा है। महंगी सीएनजी के कारण ऑटो रिक्शा चालकों के लिए रोजाना का खर्च निकालना मुश्किल होता जा रहा है। इसी को देखते हुए मुंबई रिक्शा मेन्स यूनियन ने ऑटो किराए में प्रति सवारी 2 रुपये की अस्थायी बढ़ोतरी की मांग उठाई है। इस संबंध में यूनियन ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर अतिरिक्त किराया वसूलने की अनुमति देने की अपील की है।
यूनियन के मुताबिक, पिछले ढाई महीने के दौरान सीएनजी की कीमत में प्रति किलो 5.50 रुपये की वृद्धि हुई है। ईंधन महंगा होने से ऑटो चालकों की परिचालन लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि मौजूदा किराए में उनके लिए खर्च और कमाई के बीच संतुलन बनाना मुश्किल हो रहा है। यूनियन का मानना है कि ऐसे हालात में अस्थायी रूप से 2 रुपये की किराया वृद्धि से चालकों को कुछ आर्थिक राहत मिल सकती है।
यूनियन के महासचिव थंपी कुरियन ने बताया कि मुख्यमंत्री को विशेष परिस्थितियों में अस्थायी किराया वृद्धि की अनुमति देने का अधिकार है। उन्होंने अपनी मांग के समर्थन में 1990-91 के खाड़ी युद्ध के दौरान पैदा हुई परिस्थितियों का भी उदाहरण दिया, जब ईंधन की कीमतों में बदलाव के मद्देनजर किराए में राहत देने का कदम उठाया गया था।
यूनियन ने मुख्यमंत्री से मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जल्द निर्णय लेने की अपील की है।
CNG की बढ़ती कीमतों से ऑटो चालकों की जेब पर बोझ, किराए में 2 रुपये बढ़ाने की मांग
RELATED ARTICLES


