spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईभीड़ से मिलेगी निजात, अब बांद्रा से भी चलेंगी लंबी लोकल ट्रेनें

भीड़ से मिलेगी निजात, अब बांद्रा से भी चलेंगी लंबी लोकल ट्रेनें

मुंबई (सं.भा.) मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। पश्चिम रेलवे ने भीड़ कम करने और यात्रा को सुगम बनाने के लिए 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों का दायरा बढ़ाने की पहल तेज कर दी है। अब तक अंधेरी से विरार के बीच चल रही ये लंबी लोकल ट्रेनें जल्द ही बांद्रा तक शुरू की जाएंगी। इससे पीक आवर्स में यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
पश्चिम रेलवे लाइन पर फिलहाल 15 डिब्बों वाली 17 लोकल ट्रेनें संचालित हो रही हैं।अप्रैल के अंत तक इनकी संख्या और बढ़ाई जाएगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार बांद्रा, खार रोड, सांताक्रूज और विले पार्ले स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म विस्तार का काम तेजी से चल रहा है, ताकि लंबी ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
इसके साथ ही पटरियों, ओवरहेड तार और सिग्नल सिस्टम से जुड़े कार्य भी युद्धस्तर पर जारी हैं। रेलवे ने इस पूरे प्रोजेक्ट को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। काम पूरा होते ही बांद्रा से 15 डिब्बों वाली ICF लोकल ट्रेनों का संचालन शुरू हो जाएगा।
पश्चिम रेलवे के मंडल प्रबंधक पंकज सिंह ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 15 कोच वाली ट्रेनों की मांग लगातार बढ़ रही थी। इसी के मद्देनजर चेन्नई स्थित इंटीग्रल कोच फैक्ट्री से नए कोच तैयार करवाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
गौरतलब है कि पश्चिम, मध्य और हार्बर तीनों ही रेल मार्गों पर यात्रियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है। खासकर पीक आवर्स में यात्रियों को भारी भीड़ का सामना करना पड़ता है। ऐसे में 15 डिब्बों वाली लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ने से न सिर्फ भीड़ कम होगी, बल्कि सफर भी ज्यादा आरामदायक बन सकेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com