spot_img
Homeफ्रॉडसंपत्ति विवाद में एमएम मिठाई के परिवार में बिखराव   

संपत्ति विवाद में एमएम मिठाई के परिवार में बिखराव   

आर-पार की लड़ाई में दोनों पक्षों ने तैनात किए बाउंसर

मुंबई (सं.भा.) मालाड रेलवे स्टेशन से पश्चिम दिशा में निकलते ही लोगों की जिस मिठाई की दुकान पर नजर पड़ती है , वह है ‘एम एम मिठाईवाला’ । दिवंगत मनमोहन गुप्ता ने अपने नाम के शुरुआती और मध्य के अंग्रेजी अक्षर ‘एम एम’ का उपयोग कर अपनी मिठाई की दुकान का नाम रखा। अपने पांच भाइयों के सहयोग से तिनका – तिनका जोड़ कर इस मिठाई की दुकान को मुंबई में ब्रांड के तौर पर स्थापित किया। मनमोहन का अर्थ होता है मन को मोहने वाला। लोगों और ग्राहकों के मन को मोहने वाले मनमोहन को आंख बंद किए अभी कुछ ही अरसा बीता है कि उनके परिवार के लोगों के मन मलिन होने लगे। मिठाई बेच कर अकूत संपति का मालिक बना यह गुप्ता परिवार इसी संपति के लिए एक दूसरे के आंखों के कांटे बने हैं। इसका ताजा उदाहरण शनिवार को उस वक्त देखने को मिला जब

मुंबई के बोरीवली पश्चिम स्थित एसवीपी रोड पर जैन मंदिर के सामने श्रीराम ट्रेड सेंटर की दुकान नंबर 2 और 3 पर कथित जबरन कब्जे को लेकर ‘एमएम मिठाईवाला’ परिवार एक दूसरे के खिलाफ खड़ा नजर आया।

इस पूरे मामले में बृजमोहन गुप्ता और सिद्धांत राजमोहन गुप्ता का आरोप है कि राजीव मनमोहन गुप्ता, विक्की मदनमोहन गुप्ता, संजीव मनमोहन गुप्ता, अमित मदनमोहन गुप्ता और मदनमोहन चंद्रभान गुप्ता ने 50 से 60 महिला और पुरुष बाउंसरों की मदद से दुकानों के ताले तोड़कर कब्जा करने की कोशिश की। बृजमोहन गुप्ता ने बताया कि वर्ष 2003 में पांच भाइयों के बीच संपत्ति का बंटवारा हुआ था। इसके बावजूद उक्त लोग उनके हिस्से में मिली संपत्ति पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

 

इस घटनाक्रम में कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं। इतनी बड़ी संख्या में बाउंसर किस सुरक्षा कंपनी से बुलाए गए थे? क्या संबंधित कंपनी ने उनके आवश्यक दस्तावेजों और पुलिस सत्यापन की जांच की थी? क्या बाउंसरों को इस तरह की कार्रवाई के लिए तैनात करने की अनुमति थी? शिकायतकर्ता पक्ष ने संबंधित लोगों के राजनीतिक रसूख पर भी सवाल उठाए हैं। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची बोरीवली पुलिस ने क्या कार्रवाई की, यह भी स्पष्ट होना बाकी है। हालांकि, कथित कब्जे की कोशिश का जवाब देने और अपनी संपत्ति को कब्जे से बचाने के लिए बृजमोहन गुप्ता और सिद्धांत राजमोहन गुप्ता ने भी बाउंसर तैनात कर दिए हैं। फिलहाल उक्त संपत्ति पर दोनों पक्ष अपने-अपने बाउंसरों के साथ डटे हुए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संपत्ति विवाद और बाउंसरों की भूमिका से जुड़े तथ्यों को सामने लाती है या नहीं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com