मुंबई (सं.भा.): रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने बांद्रा टर्मिनस पर एक अहम कामयाबी दर्ज की है। सतर्कता के दौरान एक संदिग्ध लावारिस बैग की जांच में बड़ी मात्रा में चरस बरामद हुआ, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों रुपये आंकी गई है।
पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल अंतर्गत तैनात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम ने ‘ऑपरेशन नार्कोस’ के तहत यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से आई अवध एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर पहुंचने के बाद नियमित लॉकिंग चेक के दौरान एक कोच में लावारिस हालत में बैग दिखाई दिया। बैग संदिग्ध लगने पर सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया।
मौके पर आरपीएफ अधिकारियों के साथ Government Railway Police (GRP), डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को बुलाया गया। नार्को डिटेक्शन डॉग की मदद से बैग में मादक पदार्थ होने की पुष्टि हुई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अधिकारियों की मौजूदगी में बैग खोला गया। जांच के दौरान बैग के भीतर सावधानीपूर्वक पैक किए गए 31 अलग-अलग पैकेट मिले। परीक्षण में इन पैकेटों से कुल 13.834 किलोग्राम चरस बरामद किया गया। अधिकारियों के अनुसार, जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 13 करोड़ 83 लाख रुपये है। सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने के प्रयास जारी हैं कि बैग ट्रेन में किसने और किस उद्देश्य से छोड़ा।


