मुंबई (सं. भा.) कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल में क्वारंटाइन किए गए डॉक्टर, नर्स और अन्य कर्मचारियों की कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है. रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल प्रशासन को बड़ी राहत मिली है.
बता दें कि अस्पताल में भर्ती एक मरीज में कोरोना की पुष्टि होने के बाद आनन-फानन में अस्पताल के 40 स्टाफ से अधिक को अस्पताल में क्वारंटाइन करना पड़ा था. मुंबई के मनपा व निजी अस्पतालों में अब तक एक दर्जन कर्मचारी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं. ऐसे में शताब्दी अस्पताल प्रशासन भी परेशान था कि कही उनके स्टॉफ भी संक्रमण की चपेट में न आ गए हो.
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. प्रमोद नागरकर ने बताया कि इस घटना के बाद सभी स्टॉफ के सैंपल तत्काल जांच के लिए भेजे गए हैं. अच्छी बात यह है कि सभी की रिपोर्ट्स निगेटिव आई है. अस्पताल में रोजमर्रा का काम काज शुरू हो गया है.


