मुंबई (सं.भा.): भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप-कप्तान और स्टार बल्लेबाज़ स्मृति मंधाना ने अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाते हुए पुष्टि की है कि उनकी और संगीतकार पलाश मुच्छल की शादी अब रद्द हो चुकी है। मंधाना ने इंस्टाग्राम पर जारी आधिकारिक बयान में कहा कि वह अपनी निजी जिंदगी को हमेशा निजी रखना चाहती थीं, लेकिन बढ़ती अफवाहों के बीच सच बताना ज़रूरी हो गया था।
मंधाना ने लिखा, “पिछले कुछ हफ्तों से मेरी निजी ज़िंदगी को लेकर कई बातें कही जा रही हैं। मैं बहुत निजी स्वभाव की हूं, लेकिन अब बताना आवश्यक है कि हमारी शादी रद्द हो चुकी है। आपसे निवेदन है कि दोनों परिवारों की प्राइवेसी का सम्मान करें और हमें इस परिस्थिति से उबरने का समय दें।”
उन्होंने आगे कहा कि उनके जीवन की सर्वोच्च प्राथमिकता भारत के लिए क्रिकेट खेलना ही रहेगा।
दूसरी ओर, पलाश मुच्छल ने भी इंस्टाग्राम पर अपनी स्टोरी के माध्यम से शादी टूटने की पुष्टि की। उन्होंने लिखा कि वह अपनी ज़िंदगी में आगे बढ़ने का फैसला कर चुके हैं और बिना आधार वाली अफवाहों से आहत हैं। पलाश ने कहा, “यह मेरे जीवन का सबसे कठिन दौर है, लेकिन मैं अपनी मान्यताओं के साथ इसे पार करूंगा। जो लोग हमें बिना तथ्य के जज कर रहे हैं, उनसे गुज़ारिश है कि वे थोड़ा सोचें।”
उन्होंने यह भी बताया कि उनकी टीम उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी जो गलत और भ्रामक बातें फैला रहे हैं।
दोनों के बयानों के बाद सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों का अंत हो गया है, और प्रशंसक अब इस मुश्किल समय में खिलाड़ियों के प्रति समर्थन और संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।


