spot_img
Homeआर्टिकलसफलता मिलेगी सकारात्मक परिवर्तन से

सफलता मिलेगी सकारात्मक परिवर्तन से

अगर आपको जीवन मे कामयाब होना है, एक बेहतरीन नेता यानी लीडर बनना है, दूसरों का नेतृत्व करते रहना है, तो आपको बदलते रहना होगा। कई लीडर नेतृत्व करना जारी नहीं रख पाते। वे ऑटोमोबाइल जीनियस
हेनरी फोर्ड की तरह बन जाते हैं, जैसा रॉबर्ट लेसी ने बेस्टसेलिंग जीवनी फोर्ड : द मैन एंड द मशीन’ में बताया है। लेसी के अनुसार फोर्ड अपनी मॉडल टी कार से इतना ज्यादा प्यार करते थे कि वे इसका एक बोल्ट भी नहीं बदलना चाहते थे। उन्होंने अपने उत्पादन के सबसे प्रमुख व्यक्ति विलियम नडसन को भी इसलिये धक्के मारकर बाहर निकाल दिया क्योंकि नडसन यह सोचते थे कि मॉडल टी का सूरज ढल रहा है। यह 1912 की बात है, जब मॉडल टी सिर्फ चार साल पुराना था और अपनी लोकप्रियता के शिखर पर था। फोर्ड हाल ही में यूरोपीय देशों के भ्रमण से लौटे थे और वे हाईलैंड पार्क, मिशिगन के गैरेज में गये जहाँ पर उन्होंने नडसन के बनाये हुए नये डिज़ाइन को देखा।
वहाँ पर मौजूद मैकेनिक बताते हैं कि फोर्ड कुछ समय के लिये पागल हो गये थे। उन्होंने मॉडल टी के नये व नीचे झुके संस्करण के चमकते लाल रंग को देखा, जो उन्हें अपने प्रिय मॉडल के डिज़ाइन का बेहूदा मज़ाक़ लगा। “फोर्ड ने जेब में हाथ डालकर कार के तीन-चार चक्कर लगाये,”एक प्रत्यक्षदर्शी का कहना है। “इसमें चार दरवाज़े थे और ऊपर की तरफ़ जगह खुली थी। आख़िरकार वे कार के बायीं तरफ़ के दरवाज़े के पास गये, अपने हाथ जेब से बाहर निकाले, दरवाज़े को पकड़ा और धड़ाक ! उन्होंने दरवाज़े का पल्ला उखाड़ डाला!… उस आदमी ने ऐसा कैसे किया, में नहीं जानता ! वहाँ से वे अंदर घुसे और धड़ाक से दूसरा दरवाज़ा भी बाहर आ गया। धड़ाक से विंडशील्ड भी धराशायी हो गयी। वे पिछली सीट पर कूदे और मुक्के मारने लगे। उन्होंने अपने जूते के हील से उसके ऊपरी हिस्से को फाड़ डाला। वे कार को जितना नुकसान पहुँचा सकते थे, उन्होंने पहुँचाया।”
नडसन जनरल मोटर्स में चले गये। हेनरी फोर्ड अपने मॉडल टी को अपने सीने से लगाये रहे, परंतु प्रतिद्वंद्वियों के मॉडलों के डिज़ाइन में हुए आधुनिक परिवर्तनों ने इसे बहुत पुरातनपंथी बना दिया हालाँकि फोर्ड यह मानने के लिये तैयार नहीं थे। प्रतियोगिता की वजह से आखिरकार उन्हें मजबूरन पीछे हटकर मॉडल ए बनाना पड़ा, परंतु ऐसा उन्होंने अनिच्छा से किया। हालाँकि जनरल मोटर्स फोर्ड के ठीक पीछे पहुँच चुकी थी, परंतु इसके बावजूद यह आविष्कारक जीवन को एक निश्चित क्षण में हमेशा के लिये रोक देना चाहता था।
इससे आप सीखिए कि आप वही देखते हैं, जो देखने के लिये आप तैयार होते हैं।
सभी महान लीडरों के पास दो चीजें होती हैं: वे जानते हैं कि वे कहाँ जा रहे हैं और वे दूसरों को अपने पीछे आने के लिये राजी करने में समर्थ होते हैं।
इसका संबंध दृष्टिकोण से है। एक बार फोर्ड के मन में एक नयी तरह के इंजन की क्रांतिकारी योजना आयी। आज हम इसे वी-के नाम से जानते हैं। फोर्ड उतावले थे कि उनका महान नया विचार साकार हो जाये। उन्होंने कई लोगों से योजना की ड्रॉइंग्स बनवायी और उन्हें इंजीनियरों के सामने रखा।
जब इंजीनियरों ने ड्रॉइंग्स देखीं, तो एक के बाद एक वे सभी एक ही निष्कर्ष पर पहुँचे। उनके सपने देखने वाले बॉस को इंजीनियरिंग के मूलभूत सिद्धांतों का ज्ञान नहीं था। उसे यह बात नम्रता से बतलानी होगी कि उसका सपना असंभव था।
फोर्ड ने कहा, “चाहे जैसे हो, इसे हक़ीक़त में बदलो।” उन्होंने जवाब दिया, “परंतु यह असंभव है।”
“आगे बढ़ो,”फोर्ड ने आदेश दिया, “और तब तक इस काम में जुटे रहो जब तक कि तुम सफल न हो जाओ, चाहे इसमें कितना ही समय लग जाये।”
छह महीने तक वे एक के बाद एक ड्रॉइंग और एक के बाद एक डिज़ाइन के साथ संघर्ष करते रहे। कुछ नहीं हुआ। छह महीने और बीत गये। कुछ भी नहीं हुआ। साल के अंत में फोर्ड ने इंजीनियरों से दुबारा पूछा और एक बार फिर उन्होंने उसे बताया कि वह जो चाहता था, उसे बनाना असंभव है। फोर्ड ने उनसे जुटे रहने को कहा। वे जुटे रहे। और आख़िर उन्होंने जान लिया कि बी-8 इंजन कैसे बनाया जाये।
जहाँ तक लीडर खुद गये हैं, वे अपने लोगों को कभी उससे आगे नहीं ले जा सकते। जैसा लीडर होगा, वैसे ही अनुयायी होंगे।

हेमलता त्रिपाठी

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com